विजय वर्मा की वेब सीरीज 'मटका किंग' OTT पर कब-कहां होगी स्ट्रीम?
क्या है खबर?
अभिनेता विजय वर्मा डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एक बार फिर तहलका मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी आगामी बहुप्रतीक्षित वेब सीरीज 'मटका किंग' OTT पर प्रीमियर करने जा रही है जिसका इंतजार पिछले साल से किया जा रहा था। इस सीरीज का नाम भले ही दिलचस्प हो, लेकिन कहानी 1960 के दशक पर आधारित क्राइम और ड्रामे से भरपूर होगी। जून, 2024 में घोषित 'मटका किंग' नागराज मंजुले द्वारा निर्मित है, जो 'झुंड' और 'सैराट' जैसी फिल्में बना चुके हैं।
OTT
इस OTT पर रिलीज होगी 'मटका किंग'
मिड-डे की रिपोर्ट मुताबिक, 'मटका किंग' अप्रैल, 2026 में रिलीज के लिए तैयार है। इसका प्रीमियर अमेजन प्राइम वीडियो पर होगा। सूत्र ने कहा, "शूटिंग 2025 में पूरी हो गई थी और स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के शीर्ष अधिकारी इसे उसी साल रिलीज करना चाहते थे। लेकिन इतने बड़े पैमाने के शो को बेहतरीन परिणाम देने के लिए समय चाहिए था। यह शो 1960 के दशक के मुंबई को प्रामाणिक रूप से प्रस्तुत करेगा और नागराज का यह पहला पीरियड ड्रामा है।"
कहानी
कपास व्यापारी पर आधारित होगी कहानी
सूत्र ने आगे कहा, "निर्देशक समय सीमा के भीतर काम पूरा करने में जल्दबाजी करने में विश्वास नहीं रखते। शो अब तैयार है और अप्रैल में ऑनलाइन रिलीज होने के लिए तैयार है।" सीरीज, मुंबई के एक कपास व्यापारी की कहानी बताएगी जिसने 'मटका' नाम के जुए का एक रूप ईजाद किया था। उम्मीद है कि निर्माता जल्द ही इसकी आधिकारिक रिलीज का ऐलान कर देंगे। विजय आखिरी बार फिल्म 'गुस्ताख इश्क' (नवंबर, 2025 में रिलीज) दिखाई दिए थे।