LOADING...
क्या होते हैं कैफीन पाउच? जिनके आदी होते जा रहे हैं अमेरिका के युवा

क्या होते हैं कैफीन पाउच? जिनके आदी होते जा रहे हैं अमेरिका के युवा

लेखन सयाली
Aug 01, 2025
05:03 pm

क्या है खबर?

अमेरिका के किशोर इन दिनों एक विचित्र उत्पाद के आदी होते जा रहे हैं, जिसे 'कैफीन पाउच' कहा जाता है। बीते कुछ महीनों से युवा ऊर्जा पाने के लिए इस पाउच का सेवन करने लगे हैं। इसे लोग कॉफी के विकल्प के रूप में लेने लगे हैं। ये छोटे टी बैग जैसे पाउच होंठ और मसूड़ों के बीच रखे जाते हैं, जो सीधे रक्तप्रवाह में कैफीन पहुंचाते हैं। कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी इस उत्पाद को बढ़ावा दे रहे हैं।

कैफीन पाउच

कैफीन पाउच लेना स्वास्थ्य के लिए है खतरनाक

जब से कैफीन पाउच वायरल हुए हैं तब से ही लोग इन्हें टिक-टॉक पर बेचने लगे हैं। इस सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर इस उत्पाद के अलग-अलग फ्लेवर मिल जाते हैं। एक छोटे-से कैफीन पाउच में 2 कप कॉफी के बराबर कैफीन होता है। यही कारण है कि इसे ज्यादा मात्रा में लेना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। युवाओं में कैफीन के प्रति सहनशीलता कम होती है, जिसके कारण कैफीन पाउच लेने पर तबियत भी बिगड़ सकती है।

कैफीन

कैफीन कैसे दूर करता है थकान?

कैफीन एक उत्तेजक पदार्थ होता है, जो मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करके आपको ज्यादा सतर्क बनाता है और आलस को दूर करता है। यह एथलीट, कर्मचारियों और छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय है, क्योंकि यह उनकी थकान को कम करने में मदद करता है। कैफीन तंत्रिकाओं में एडीनोसिन रिसेप्टर्स को अवरुद्ध कर देता है, जिससे मस्तिष्क को दर्द और थकान का कम अहसास होता है। हालांकि, इसकी अधिक मात्रा आपको बीमार कर सकती है।

सेवन

घंटों तक रहता है कैफीन पाउच का असर

कैफीन पाउच इतने छोटे होते हैं कि उन्हें मुंह में रखने के बाद वे नजर भी नहीं आते। इसके चलते युवा माता-पिता और शिक्षकों से छिपाकर इनका सेवन कर लेते हैं। कुछ किशोर तो एक साथ 2 पाउच भी ले लेते हैं, ताकि उन्हें ज्यादा ऊर्जा महसूस हो। कैफीन तेजी से अवशोषित होता है, इसलिए इसका असर सेवन के कुछ ही मिनटों बाद शुरू हो सकता है और कई घंटों तक रह सकता है।

स्वास्थ्य जोखिम

इन पाउच के सेवन से हो सकते हैं ये स्वास्थ्य जोखिम

कैफीन का उच्च स्तर दिल के स्वास्थ्य के साथ-साथ शरीर की अन्य प्रणालियों को प्रभावित कर सकता है। इससे हृदय गति असामान्य रूप से तेज हो सकती है, दौरे पड़ सकते हैं और दुर्लभ मामलों में मृत्यु भी हो सकती है। कुछ लोग दूसरों की तुलना में कैफीन के प्रति अधिक संवेदनशील होते हैं और इसकी ज्यादा मात्रा से उन्हें मतली, चिंता या चिड़चिड़ापन का अनुभव हो सकता है। कैफीन पाउच से कुछ लोगों को बेचैनी भी हो सकती है।

अन्य प्रभाव

मसूड़ों को भी नुकसान पहुंचाते हैं ये पाउच

कैफीन पाउच का लम्बे समय तक सेवन करने से मसूड़ों में जलन पैदा हो सकती है और आप इसके आदी भी हो सकते हैं। साथ ही यह उत्पाद किशोरों में उत्तेजक पदार्थ लेने के ट्रेंड को सामान्य भी कर रहा है। कॉफी के विपरीत, इस उत्पाद के ओवरडोज का खतरा रहता है, खासकर अगर युवा इसे ऊर्जा बढ़ाने वाले पेय से साथ ले रहे हों। वयस्कों के लिए रोजाना 400 मिलीग्राम कैफीन सुरक्षित माना जाता है।