उर्वशी रौतेला की न्यूट्रिशनिस्ट ने बताया उनका डाइट प्लान, दिनभर में लेती हैं 3 मील
क्या है खबर?
उर्वशी रौतेला बॉलीवुड की वह अभिनेत्री हैं, जो अपने बेबाक अंदाज और फैशन के चलते सुर्खियों में बनी रहती हैं। उनकी फिटनेस भी कई महिलाओं को प्रेरित करती है, क्योंकि वह अपने वजन को हमेशा नियंत्रित बनाए रखती हैं। अगर आप भी उर्वशी जैसा फिट शरीर पाना चाहती हैं और सेहतमंद बनी रहना चाहती हैं तो उनके डाइट प्लान का पालन करके देखें। उर्वशी की न्यूट्रिशनिस्ट ने खुद उनके खान-पान के बारे में बात की है।
न्यूट्रिशनिस्ट
उर्वशी की डाइट है बेहद साधारण
श्वेता शाह उर्वशी की न्यूट्रिशनिस्ट हैं, जिन्होनें हाल ही में उनकी डाइट का खुलासा किया है। उन्होंने एक पॉडकास्ट के दौरान कहा, "उर्वशी की डाइट बहुत साधारण है। वह बहुत ही आम खाना खाने वाली हैं। वह ज्यादा नहीं खाती हैं। बहुत कम खाती हैं।" उन्होंने आगे बताया, "हालांकि, उर्वशी की डाइट ऐसी है कि हम उन्हें दिन में 3 बार भोजन देते हैं। वह कभी भी नाश्ता नहीं छोड़ती हैं।"
नाश्ता
नाश्ते में क्या खाना पसंद करती हैं उर्वशी?
नाश्ता उर्वशी का पसंदीदा मील है, जिसके बिना वह अपने दिन की शुरुआत नहीं कर पाती हैं। श्वेता बताती हैं कि अभिनेत्री को नाश्ते में पोहा या उपमा खाना बहुत अच्छा लगता है। ये दोनों ही व्यंजन जल्दी बनकर तैयार हो जाते हैं और स्वाद में भी लाजवाब होते हैं। साथ ही इनमें कैलोरी कम होती हैं, जिसे कारण ये वजन को नियंत्रित रखते हैं और पेट को भी देर तक भरा हुआ रखते हैं।
खाना
ऐसा रहता है उर्वशी का दिन का खाना
उर्वशी आम लोगों की तरह बिल्कुल सादा भोजन करना ही पसंद करती हैं। वह दिन के खाने में रोटी सब्जी का विकल्प अपनाती हैं, जो भारतीय खान-पान का अहम हिस्सा हैं। इसके साथ वह एक खास तरह का जूस भी पीती हैं, जो श्वेता के मुताबिक उर्वशी का पसंदीदा है। यह जूस पुदीने और धनिया को मिलाकर बनाया जाता है और वह इसे ठंडा नहीं, बल्कि गर्म पीना पसंद करती हैं।
भोजन
7 बजे से पहले खा लेती हैं रात का खाना
आम तौर पर दिन के खाने के बाद शाम के समय लोग हल्के स्नैक्स खाना पसंद करते हैं। हालांकि, उर्वशी किसी प्रकार का स्नैक नहीं खाती हैं, बल्कि रात का खाना जल्दी खा लेती हैं। श्वेता ने कहा, "मैं यह नहीं कह रही कि वह इंटरमिटेंट फास्टिंग करती हैं, लेकिन वह 6-7 बजे के बीच रात का भोजन कर लेती हैं।" रात में वह पनीर की सब्जी और पराठा, रोल या चीला खाना पसंद करती हैं।
अन्य व्यंजन
भिंडी है उर्वशी की पसंदीदा सब्जी
एक पुराने इंटरव्यू में उर्वशी ने बताया था कि उन्हें नाश्ते में ब्रोकोली जैसी हरी सब्जियां खाना अच्छा लगता है। दोपहर के भोजन में वह दक्षिण भारतीय भोजन या टोफू और पनीर के साथ कुछ हरी सब्जियां खाना पसंद करती हैं। उनके मुताबिक, ज्यादातर उनका दिन का खाना और रात का खाना एक जैसा ही होता है। उ र्वशी को भिंडी सबसे ज्यादा प्रिय है और उन्हें अंगूर और हर प्रकार की बेरी भी अच्छी लगती हैं।