Page Loader
गणतंत्र दिवस पर घर पर बनाएं ये तिरंगा पेय पदार्थ, आसान हैं इनकी रेसिपी
तिरंगे पेय पदार्थों की आसान रेसिपी

गणतंत्र दिवस पर घर पर बनाएं ये तिरंगा पेय पदार्थ, आसान हैं इनकी रेसिपी

लेखन गौसिया
Jan 25, 2023
12:03 pm

क्या है खबर?

देश में गुरुवार को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा। इस दिन बहुत से लोग अपने घर पर बैठकर टीवी पर राष्ट्रीय समारोह में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित परेड देखते है। यह दिन देशभक्ति और देश के प्रति हमारे प्रेम का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे में लोग तिरंगे व्यंजन बनाकर या तिरंगे जैसे घर की सजावट करके इसे अपने-अपने अंदाज में मनाते हैं। आइए आज हम आपको ऐसी ही कुछ तिरंगे पेय पदार्थों की रेसिपी के बारे में बताते हैं।

#1

फ्रॉस्ट तिरंगा मॉकटेल

सबसे पहले हरे रंग के लिए पुदीने के पत्ते, हरा धनिया, नमक और जीरे को एक साथ ब्लेंड करें। केसरिया रंग के लिए पपीता और चीनी ब्लेंड करें, जबकि सफेद रंग के लिए वनिला आइसक्रीम का इस्तेमाल करें। हरे रस और केसरिया रस को बर्फ की ट्रे में डालकर जमा लें। अब एक गिलास में पुदीने वाले बर्फ के टुकड़े डालें और उसके ऊपर आइसक्रीम और फिर पपीते के बर्फ के टुकड़े डालें। इसमें फिजी सोडा डालकर ठंडा-ठंडा परोसें।

#2

तिरंगा लस्सी

सबसे पहले दही में चीनी और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से ब्लेंड करें और फिर इसे अलग रख दें। अब केसरिया रंग के लिए केसर के शरबत को अलग दही और चीनी के साथ ब्लेंड करें। इसके बाद हरे रंग के लिए खस शरबत को दही और चीनी के साथ ब्लेंड करें। अब एक गिलास में पहले खस वाली दही और फिर सफेद दही और अंत में केसरिया रंग वाली दही को डालें। इसके ऊपर कटे पिस्ता डालकर सर्व करें।

#3

तिरंगा वर्जिन मोजिटो

इसके लिए सबसे पहले एक गिलास में नींबू के टुकड़े, मोजिटो सिरप, पुदीने के पत्ते और नींबू का रस डालें। अब इसमें फिजी सोडा और बर्फ के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इसी में संतरे का रस और संतरे का मुरब्बा डालकर फिर से मिला लें। अंत में संतरे के स्लाइस और लाइम वेज से गार्निश करके इसे ठंड-ठंडा परोसें। भारतीय झंडे के रंगों को दर्शाते हुए यह तिरंगा पेय गणतंत्र दिवस पर आपको जरूर बनाना चाहिए।

#4

तिरंगा स्मूदी

सबसे पहले कटे हुए पालक, कीवी, चिया के बीज और शहद को एक साथ ब्लेंड करें और फिर इसे एक गिलास में डालें। अब दूसरे ब्लेंडर में कटा हुआ केला, शहद, दही और अलसी के बीज को एक साथ ब्लेंड करके गिलास में ग्रीन स्मूदी के ऊपर डालें। अंत में शहद और पके पपीते को ब्लेंड करें और फिर इसे गिलास में सफेद स्मूदी पर डालें। इसे मेवों से सजाकर ठंडा-ठंडा परोसें। यह स्मूदी बेहद स्वास्थ्यवर्धक और पौष्टिक है।