न्यूड लिपस्टिक खरीदते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान

आज कल कई लड़कियां और महिलाएं न्यूड लिपस्टिक लगाना काफी पसंद करत हैं, क्योंकि इससे नेचुरल लुक मिलता है। हालांकि, कुछ लड़कियों और महिलाओं को चाहकर भी न्यूड लिपस्टिक में परफेक्ट लुक नहीं मिलता। इसका मुख्य कारण उनके द्वारा खरीदी गई गलत न्यूड लिपस्टिक शेड हो सकता है। आइए हम आपको कुछ ऐसी बातें बताते हैं, जिन्हें अगर ध्यान में रखकर न्यूड लिपस्टिक का चयन किया जाए तो उससे एकदम परफेक्ट लुक ही मिलेगा।
अगर आप कभी भी अपने लिए न्यूड लिपस्टिक खरीदने जाएं तो उस दौरान अपने स्किन टोन का ध्यान जरूर रखें। उदाहरण के लिए अगर आपका स्किन टोन ज्यादा फेयर है, वे कैरेमल पिंक शेड की लिपस्टिक का चयन करें। यकीन मानिए इस तरह की टोन वाली महिलाओं पर यह न्यूड शेड ज्यादा सूट करेगा। वहीं, जिनकी स्किन टोन थोड़ी डार्क है उन्हें ब्राउन और रस्ट कलर वाली न्यूड शेड लिपस्टिक चुननी चाहिए।
इन दिनों बाजार में कई तरह की न्यूड लिपस्टिक उपलब्ध हैं, जैसे क्रीम टेकस्चर वाली लिपस्टिक, मैट टच लिपस्टिक, फ्रॉस्ट फिनिश लिपस्टिक और शिमर लिपस्टिक आदि। इसलिए बेहतर होगा कि आप अपनी जरूरत से हिसाब से ही लिपस्टिक खरीदें, क्योंकि यह सिर्फ आपके ऊपर निर्भर करता है कि आपको कैसी लिपस्टिक सूट करती है। हालांकि, ऐसी लिपस्टिक खरीदने से बचें, जिनमें पैराबीन हों, क्योंकि यह केमिकल होंठों को नुकसान पहुंचा सकता है।
अगर आप किसी न्यूड शेड लिपस्टिक की खरीदारी के लिए किसी स्टोर पर जाने वाली है तो इससे पहले आप उस लिपस्टिक के बारे में अच्छी तरह ऑनलाइन रिसर्च कर लें और जो आप खरीदने वाली हैं, उससे जुड़े कुछ रिव्यू पढ़ लें। इससे आपको दूसरों के अनुभव का पता चल जाएगा और आप लिपस्टिक खरीदने के दौरान सही फैसला ले पाएंगी। इसके अलावा, बेहतर होगा कि आप ऑनलाइन लिपस्टिक खरीदने से बचें।
आप चाहें न्यूड शेड लिपस्टिक खरीदें या फिर कोई अन्य, सस्ते दाम देखकर लोकल ब्रांड से खरीदने की गलती न करें, क्योंकि इनमें पैराबीन जैसे कैमिकल्स की संभावना अधिक होती है, जो होठों को नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में ब्रांडेड और विश्वसनीय कंपनी की लिपस्टिक खरीदें। वे लिपस्टिक बनाते समय तरह-तरह के नियमों का पालन करती हैं और लिपस्टिक की टेस्टिंग भी करती हैं। लोकल लिपस्टिक को बनाने के दौरान ऐसा कुछ भी नहीं किया जाता।