Page Loader
कोलकाता में वेटिकन सिटी की थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल, मनमोह लेगी भव्यता
कोलकाता में वेटिकन सिटी की थीम वाला दुर्गा पूजा पंडाल

कोलकाता में वेटिकन सिटी की थीम पर बना दुर्गा पूजा पंडाल, मनमोह लेगी भव्यता

लेखन अंजली
Sep 25, 2022
10:59 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं। इस मौके पर हर साल कोलकाता की अलग-अलग जगहों पर नई और अनूठी थीम पर पूजा के पंडाल तैयार किए जाते हैं। इसी परंपरा को निभाते हुए कोलकाता की लोकप्रिय दुर्गा पूजा समिति 'श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब' ने इस साल अपने दुर्गा पूजा पंडाल की थीम 'वेटिकन सिटी' रखी है, जिसकी भव्यता आपका मनमोह लेगी। चलिए आज इस अनूठी थीम वाले पंडाल की विशेषताएं जानते हैं।

जानकारी

क्लब के 50 साल पूरे होने की खुशी में रखी गई पंडाल की भव्य थीम

हर साल की तरह इस साल भी श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब चर्चा में हैं क्योंकि इस बार उनका पूजा पंडाल वेटिकन सिटी के तर्ज पर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के आयोजकों ने कहा कि इस साल उनके क्लब को 50 साल पूरे हो गए हैं और इस खास मौके पर पंडाल की थीम वेटिकन सिटी पर रखी गई है। इस क्लब के अध्यक्ष पश्चिम बंगाल सरकार के अग्निशमन और आपातकालीन सेवा मंत्री सुजीत बोस हैं।

ट्विटर पोस्ट

वेटिकन सिटी की थीम पर बने दुर्गा पूजा पंडाल की तस्वीरें

बयान

पंडाल के जरिए लोगों की वेटिकन सिटी देखने की इच्छा होगी पूरी- सुजीत

समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए बोस ने कहा, "सभी ने रोम की वेटिकन सिटी के बारे में सुना है, लेकिन कुछ भाग्यशाली ही विदेश यात्रा करके इसे देख सके हैं। इस साल हमारे पंडाल के जरिए उनकी वेटिकन सिटी देखने की इच्छा पूरी होगी।" बता दें कि वेटिकन सिटी रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्यालय है और ईसाई धर्म के सर्वोच्च धार्मिक नेता पोप यही रहती हैं।

बयान

100 कारीगरों ने 60 दिन में बनाया पंडाल

सुजीत बोस ने बताया, "इस पंडाल को बनाने में 60 दिन लगे हैं और इसे 100 से ज्यादा कारीगरों ने मिलकर बनाया है। भीड़ प्रबंधन के लिए क्लब ने सभी प्रबंध किए गए हैं। पिछले साल हमने बुर्ज खलीफा की थीम पर पंडाल बनाया था।"

पिछले साल की थीम

भीड़ के कारण पिछले साल बंद करना पड़ा था पंडाल

इस बार ही नहीं पिछले साल भी श्रीभूमि स्पोर्टिंग क्लब के दुर्गा पूजा पंडाल की थीम विदेशी पर्यटन स्थल के आधार पर थी। तब क्लब ने अपने पंडाल की थीम दुबई के बुर्ज खलीफा पर रखी थी, जिसकी भव्यता के चलते लाखों लोगों की भीड़ उमड़ी थी। भीड़ इतनी हो गई थी कि एयरपोर्ट ऑथिरिटी ऑफ इंडिया की सुरक्षा को लेकर आपत्ति के बाद पंडाल को दर्शकों के लिए बंद करना पड़ा था।

महत्वपूर्ण तारीख

कब है दुर्गा पूजा?

दुर्गा पूजा भारत में मनाए जाने वाले सबसे प्रसिद्ध हिंदू त्योहारों में से एक है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह पांच दिवसीय त्योहार है, जिसे दुर्गोत्सव या शारोडोत्सव के रूप में भी जाना जाता है। इस साल दुर्गा पूजा 1 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक होगी और आखिरी दिन पंडालों में लगी देवी दुर्गा की प्रतिमा को विसर्जित किया जाता है।