Page Loader
GEN-Z कार्यालय का शौचालय इस्तेमाल करने से करती है परहेज, अध्ययन में हुआ खुलासा 

GEN-Z कार्यालय का शौचालय इस्तेमाल करने से करती है परहेज, अध्ययन में हुआ खुलासा 

लेखन सयाली
Nov 09, 2024
01:09 pm

क्या है खबर?

साल 1990 के दशक के मध्य से 2010 की शुरुआत के बीच जन्मे लोगों की पीढ़ी को GEN Z कहा जाता है। इस पीढ़ी को जूमर्स भी कहते हैं। इस पीढ़ी को अपने बेबाक अंदाज और सटीक पसंद-नापसंद के लिए जाना जाता है। हालांकि, बेबाकी भरे अंदाज के बाद भी इस पीढ़ी के 3 में से 1 कर्मचारी अपने कार्यालय का शौचालय इस्तेमाल करने से डरते हैं। यह चौकाने वाला दावा एक नए अध्ययन में किया गया है।

अध्ययन

आखिर किसने किया यह विचित्र अध्ययन?

यह अजब-गजब अध्ययन शौचालय व बाथरूम के उपकरण के ऑनलाइन विक्रेता क्यूएस सप्लाईज द्वारा किया गया था। यूनाइटेड किंगडम (UK) स्थित इस दुकान ने 1,000 से अधिक कर्मचारियों पर उनके द्वारा कार्यस्थल के शौचालय की आदतों पर सर्वेक्षण किया था। इसके साथ ही दुकान के कर्मचारियों ने कंपनी की उत्पादकता पर शौचालय ब्रेक के प्रभाव की गणना भी की थी। इस विचित्र अध्ययन में कई चौंकाने वाले परिणाम सामने आए हैं।

निष्कर्ष

GEN Z कर्मचारी कार्यालय में नहीं करते हैं शौच

अध्ययन में पाया गया कि अधिक संख्या में GEN Z कर्मचारी अपने कार्यालय पर मल त्याग करने से झिझकते हैं। 12 में से एक कर्मचारी ने काम के दौरान कभी शौच नहीं किया, जबकि उनमें से 34 प्रतिशत शौचालय का उपयोग करने से डरते हैं। 19 प्रतिशत कर्मचारी ने अपने कार्यालय का शौचालय इस्तेमाल करने से इंकार किया। अध्ययन में यह भी सामने आया कि 4 में से एक कर्मचारी शौच करने के लिए घर जाने का इंतजार करते हैं।

कारण

जानिए GEN Z कर्मचारियों के शौचालय न इस्तेमाल करने के कारण

GEN Z कर्मचारियों में से 11 प्रतिशत कर्मचारियों का दावा है कि उन्होंने काम पर कभी भी शौच नहीं किया है। वहीं, 36 प्रतिशत का कहना है कि उन्हें ऐसा करने से डर लगता है। GEN Z कर्मचारी कार्यालय का शौचालय इस्तेमाल करने से इसलिए शरमाते हैं, क्योंकि 59 प्रतिशत कर्मचारियों को लगता है कि वहां गोपनीयता की कमी होती है। इसके अलावा, 57 प्रतिशत कर्मचारियों को दुर्गंध के कारण परेशानी होती है। 47 प्रतिशत को शोर की चिंता है।

स्वास्थ्य

कर्मचारियों को काम करते समय होती हैं ये परेशानियां

कई कर्मचारियों ने दावा किया कि कार्यालय का शौचालय न इस्तेमाल करने से उन्हें पेट की परेशानियां हो जाती हैं। यहां तक ​​कि उन्हें तनाव और कब्ज सहित विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सभी समस्याओं के बावजूद भी वे कार्यालय का शौचालय इस्तेमाल करने से कतराते हैं और घर जाने तक का इंतजार करते हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, ज्यादा देर तक पेशाब या मल को रोकना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है।