LOADING...
वैज्ञानिकों ने बनाई ऐसी सामग्री, जो 5 मिनट में पानी से हटा देगी 99 प्रतिशत रसायन

वैज्ञानिकों ने बनाई ऐसी सामग्री, जो 5 मिनट में पानी से हटा देगी 99 प्रतिशत रसायन

लेखन सयाली
Jul 25, 2025
03:22 pm

क्या है खबर?

जीने के लिए जितना जरूरी सांस लेना है, उतना ही जरूरी पानी पीना है। हालांकि, पानी में पाए जाने वाले खतरनाक रसायन मस्तिष्क क्षति, संज्ञानात्मक हानि और बीमारियों का कारण बन सकते हैं। पानी में पेर और पॉलीफ्लोरोएल्काइल पदार्थों (PFAS) नाम के सिंथेटिक रसायन पाए जाते हैं, जो आसानी से नष्ट नहीं होते हैं। अब वैज्ञानिकों ने पानी से 'PFOA' नाम के सिंथेटिक रसायन को खत्म करने वाली एक सामग्री विकसित की है। यह रसायन PFAS का एक प्रकार है।

खोज

उटाह विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने किया यह आविष्कार

यह आविष्कार उटाह विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने किया है। उन्होंने एक धातु-कार्बनिक ढांचा (MOF) तैयार किया है, जो केवल 5 मिनट में पानी से 99 प्रतिशत PFOA को हटा देता है। यह पदार्थ एक शोषक की तरह काम करता है, जो खास प्रणाली के माध्यम से रसायनों की उपस्थिति का पता लगाता है और उन्हें पकड़ता है। यह खोज रसायनों से होने वाले जल प्रदूषण से निपटने के तरीके को बदल सकती है, जो गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करते हैं।

PFOA

जानिए क्या होते हैं PFOA?

परफ्लुओरोऑक्टेनोइक एसिड (PFOA) एक सिंथेटिक रसायन है, जो PFAS के परिवार से संबंधित है। अपने जल प्रतिरोधी गुणों के कारण इसका उपयोग पहले नॉन-स्टिक कुकवेयर और अग्निशमन फोम जैसे उत्पादों को बनाने में किया जाता था। हालांकि, यह रसायन पर्यावरण और मानव शरीर में स्थायी रूप से मौजूद रहता है, जिससे स्वास्थ्य और पर्यावरणीय चिंताएं पैदा होती हैं। बता दें कि पानी में मौजूद PFAS मस्तिष्क क्षति और संज्ञानात्मक हानि का कारण बनते हैं।

Advertisement

MOF

क्या होता है MOF?

पानी से इन रसायनों को हटाने के मौजूदा तरीके बहुत महंगी या अकुशल हैं, जो घंटों का समय भी ले लेते हैं। हालांकि, जॉर्नल ऑफ मटेरियल केमिस्ट्री C में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, MOF बहुत जल्दी और प्रभावी ढंग से काम करते हैं। यह एक क्रिस्टलीय पदार्थ है, जिसकी पिंजरे जैसी संरचना छोटे-छोटे छिद्रों से भरी होती है। शोधकर्ताओं ने इस MOF को धनात्मक आवेशित समूहों को जोड़कर बनाया, जो रसायनों पर चुम्बक की तरह काम करते हैं।

Advertisement

प्रक्रिया

किस तरह काम करती है यह सामग्री?

वैज्ञानिकों ने इस रचना का परीक्षण PFOA के विभिन्न स्तरों से दूषित पानी पर किया। 1,000 भाग प्रति मिलियन की सांद्रता पर MOF प्रति ग्राम पदार्थ में 1,178 मिलीग्राम PFOA अवशोषित कर सकता है। 50 भाग प्रति बिलियन के संदूषण स्तर पर MOF ने 99 प्रतिशत से अधिक PFOA नष्ट कर दिए। शोधकर्ताओं ने इस सामग्री को संदूषण और सफाई के 5 चक्रों से गुजारकर भी देखा। पाया गया कि इसकी मूल अवशोषण क्षमता 93 प्रतिशत से ज्यादा बनी रही।

रंग

PFOA होने पर बदलता है MOF का रंग

MOF एक संसूचन प्रणाली का भी काम करता है। यह पानी में PFOA की उपस्थिति होने पर चमकीले फ्लोरोसेंट रंग में बदल जाता है। MOF को शुरू में एक फ्लोरोसेंट डाई से भरा जाता है। जब PFOA अणु पानी में प्रवेश करते हैं तो वे डाई अणुओं को फैला देते हैं। ये अणु घोल में मिल जाते हैं और फ्लोरोसेंट होने लगते हैं, जिससे PFOS की मौजूदगी का संकेत मिलता है।

जानकारी

PFAS की तुलना में PFAO पर देखा गया अधिक असर

परीक्षण के दौरान पाया गया कि MOF PFOA को ज्यादा पहचान रहा था। वह PFOA पर PFAS की तुलना में 14 गुना ज्यादा प्रतिक्रिया दे रहा था। जब MOF ने PFOA को अवशोषित किया तो फ्लोरीन का स्तर बढ़ गया और आयोडीन कम हो गया।

Advertisement