LOADING...
90 लाख साल पहले टमाटर से ही हुआ था आलू का विकास, अध्ययन में हुआ खुलासा 

90 लाख साल पहले टमाटर से ही हुआ था आलू का विकास, अध्ययन में हुआ खुलासा 

लेखन सयाली
Aug 01, 2025
11:28 am

क्या है खबर?

भारतीय खान-पान में जिन सब्जियों का सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है, वह हैं टमाटर और आलू। इन दोनों खाद्य पदार्थों का स्वाद और बनावट तो एक दूसरे से काफी अलग होती है। हालांकि, अब इनके बीच एक ऐसी समानता खोजी गई है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। एक नए अध्ययन से सामने आया है कि टमाटर से ही आलू का विकास हुआ था। करीब 90 लाख साल पहले अमेरिका में यह चमत्कार हुआ था।

अध्ययन

कैसे हुआ था आलू का जन्म?

इस अध्ययन को 'सेल' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया और इसे शेनजेन में कृषि जीनोमिक्स संस्थान के शोधकर्ताओं ने पूरा किया। इसके मुताबिक, दक्षिण अमेरिका में जंगली टमाटरों और आलू जैसे पौधों के बीच प्राकृतिक प्रजनन ने लगभग 90 लाख साल पहले आलू को जन्म दिया था। आलू को विकसित करने के लिए एंडीज में उगने वाले जंगली टमाटरों को एटुबेरोसम नामक पौधे के साथ संकरण नामक प्रक्रिया के माध्यम से मिलाया गया था।

अंतर

टमाटर ही है आलू की मां

चीन के कृषि जीनोमिक्स संस्थान के प्रोफेसर सानवेन हुआंग ने इस अध्ययन का नेतृत्व किया था। उन्होंने बताया, "टमाटर आलू की मां है और एट्यूबरोसम पिता। हालांकि, शुरुआत में यह बात स्पष्ट नहीं थी।" जमीन के ऊपर आलू के पौधे बिलकुल एट्यूबरोसम जैसे ही दिखते हैं। हालांकि, उन्हें ऊपर खींचने पर ही फर्क दिखाई देता है। एट्यूबरोसम के भूमिगत तने पतले होते हैं और उसमें आलू के समान स्टार्च युक्त कंद नहीं मौजूद होते हैं।

प्रक्रिया

किस तरह किया गया था अध्ययन?

शोधकर्ताओं की टीम ने खेती वाले आलूओं के 450 जीनोम और जंगली प्रजातियों के 56 जीनोम का विश्लेषण किया था। कंदों को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने टमाटर की जांच की। वैसे तो इस सब्जी में कंद नहीं होते, फिर भी इसकी आनुवंशिक संरचना आश्चर्यजनक रूप से आलू जैसी होती है। हुआंग ने कहा, "ये बैंगन जैसे एक ही वनस्पति परिवार से संबंधित हैं। हालांकि, टमाटर, आलू और एट्यूबरोसम आनुवंशिक रूप से सबसे समान हैं।"

विकास

कैसे होता है आलू का विकास?

कंद बनाने के लिए 2 जीन जरूरी होते हैं। इनमें से पहला है SP6A, जो टमाटर में पाया जाता है। वहीं दूसरा है IT1, जो एट्यूबरोसम में मौजूद होता है। दोनों में से कोई भी जीन आलू की उपज के लिए अकेले पर्याप्त नहीं है। जब ये दोनों मिलते हैं तो एक शक्तिशाली प्रक्रिया शुरू होती है, जो भूमिगत तनों को स्टार्चयुक्त और स्वादिष्ट कंदों में बदल देती है। इसके जरिए ही हम सबके पसंदीदा आलू पैदा होते हैं।

विवरण

एक बार विकसित होने के बाद खुद नए पौधे बनाते हैं आलू

आलू को अपने माता-पिता से जींस का एक स्थिर मिश्रण विरासत में मिला है। अध्ययन से सामने आया कि आलू में लगभग 60 प्रतिशत एट्यूबरोसम के और 40 प्रतिशत टमाटर के जींस मौजूद होते हैं। इसके कंद ऊर्जा संग्रहित करते हैं, जिससे यह सर्दी या सूखे से बच जाता है और बिना बीजों के भी प्रजनन कर पाता है। आलू के कंदों पर उगने वाली कलियों से ही नए पौधे उग जाते हैं।