Page Loader
लखनऊ का जायका है मशहूर, यहां जरूर लें इन व्यंजनों का लुत्फ 

लखनऊ का जायका है मशहूर, यहां जरूर लें इन व्यंजनों का लुत्फ 

लेखन सयाली
Feb 02, 2024
06:03 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अपने इतिहास और संस्कृति के साथ-साथ अपने स्वादिष्ट जायकों के लिए मशहूर है। लखनऊ का स्ट्रीट फूड इस समृद्ध विरासत का प्रमाण है। सुगंधित कबाब से लेकर मुंह में पानी ला देने वाली बिरयानी तक, यहां आपको खाने की एक विविध और स्वादिष्ट विकल्प मिलेंगे, जो आपके मन को मंत्रमुग्ध कर देंगे। अगर आप भी लखनऊ घूमने की सोच रहे हैं तो इन 5 जगहों पर खाने जरूर जाएं।

#1

टुंडे कबाब 

पुराने लखनऊ की गलियों से गुजरते हुए एक सुगंध खूब आकर्षित करती है, वह है टुंडे कबाब की। मुंह में घुल जाने वाला यह कबाब अपने बेमिसाल मसालों के कारण 118 साल से मशहूर है। हाजी मुराद अली 100 जड़ी-बूटी और मुंह में पिघल जाने वाले गलावती कबाब की रेसिपी के साथ वर्ष 1900 के दशक में लखनऊ आए थे। इसे खाने दुनियाभर से लोग लखनऊ आते हैं। यदि आप शाकाहारी कबाब बनाना चाहते है तो यह रेसिपी अपनाएं।

#2

इदरीस की बिरयानी 

यदि आप बिरयानी के शौकीन हैं तो इस प्रतिष्ठित बिरयानी स्थान पर जरूर रुकें। पुराने लखनऊ में स्थित इदरीस अपनी स्वादिष्ट मटन बिरयानी के लिए जाना जाता है। यहां का मटन नरम होता है, जो इसे खाने के लिए एक संपूर्ण व्यंजन बनाता है। साथ ही यहां की चिकन बिरयानी भी उतनी ही लजीज है। यहां बिरयानी खाने के लिए रोजाना लोगों का तांता लगा रहता है। इसका कारण है इनका लाजवाब जायका। बिरयानी की आसान रेसिपी यहां देखें।

 #3

रॉयल कैफे की बास्केट-चाट 

लखनऊ के प्रतिष्ठित स्थानों में शामिल रॉयल कैफे की विशाल बास्केट चाट शानदार है। जैसा कि नाम से पता चलता है यह स्वादिष्ट चाट एक टोकरी के आकार में आती है। इसे बनाने में आलू टिक्की, पापड़ी, भल्ले, तले और कटे हुए आलू या सेव, चने, दही और हरी चटनी शामिल हैं। इन पर अंत में कुछ अनार के दाने और मसाला छिड़का जाता है। इसका चटपटा स्वाद आपको तृप्त कर देगा।

#4

चौक की मक्खन मलाई

मक्खन मलाई एक मशहूर मीठा व्यंजन है, जिसे खासतौर पर ठंड के मौसम में बनाया जाता है। लखनऊ के नवाब मसूद अब्दुल्लाह के अनुसार, मक्खन मलाई को कई नामों से जाना जाता है। लखनऊ में यह 'नमीश' के नाम से जाना जाता है। 'नमीश' का अर्थ है, जो पल भर में घुल जाए। यह लखनऊ के चौक में मिलती है। इसे दूध और क्रीम के मिश्रण से बनाया जाता है। जानें अखरोट के मक्खन से मिलने वाले फायदे।

#5

मलाई गिलौरी 

लखनऊ का मलाई पान या मलाई गिलौरी एक प्रसिद्ध मिठाई है। इसे मलाई से बनाया जाता है, जिसमें भरपूर मात्रा में सूखे मेवे भरे होते हैं। फिर इसे एक पान के आकार में मोड़ा जाता है। ऐसा कहा जाता है कि नवाज वाजिद अली शाह को पान की लत से छुटकारा दिलाने के लिए इस व्यंजन का आविष्कार किया गया था। यह अब लखनऊ में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली मिठाई बन चुकी है।