LOADING...
नासा वैज्ञानिक का दावा, सैंकड़ो सालों में सबसे गर्म महीना रह सकता है जुलाई
जुलाई हो सकता है दुनिया का सबसे गर्म महीना

नासा वैज्ञानिक का दावा, सैंकड़ो सालों में सबसे गर्म महीना रह सकता है जुलाई

लेखन गौसिया
Jul 21, 2023
12:54 pm

क्या है खबर?

इन दिनों कई देश भीषण गर्मी का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नासा के जलवायु वैज्ञानिक गेविन श्मिट ने चिंताजनक अनुमान लगाया है। उनका कहना है कि साल 2023 का जुलाई महीना हजारों नहीं तो 100 सालों में दुनिया का सबसे गर्म महीना साबित होने वाला है। इससे पहले यूरोपीय संघ और मेन विश्वविद्यालय द्वारा संचालित उपकरणों में गर्मी के रिकॉर्ड टूट गए हैं। हालांकि, ये दोनों रिपोर्ट एक-दूसरे से मामूली अलग हैं।

रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

कई देशों में हो रही रिकॉर्ड तोड़ गर्मी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, श्मिट ने गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह दुनियाभर में बदलाव देख रहे हैं। उनका कहना है कि अमेरिका, यूरोप और चीन जैसे देशों में वह जो गर्मी की लहर देख रहे हैं, वह सभी रिकॉर्ड तोड़ रही है। हालात बिगड़ते जा रहे हैं और तापमान बढ़ता ही जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि इस बदलते मौसम पैटर्न के लिए सिर्फ अल नीनो को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।

जानकारी

अल नीनो क्या है?

अल नीनो एक तरह की मौसमी घटना है, जिसकी वजह से मध्य और पूर्वी भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में समुद्री सतह का पानी सामान्य से 4-5 डिग्री सेल्सियस अधिक गर्म हो जाता है। इसके चलते पूर्व से पश्चिम की ओर बहने वाली हवाएं कमजोर पड़ती हैं और गर्म पानी पूर्व यानी अमेरिका के पश्चिमी तट की ओर जाने लगता है। साल 1600 में पहली बार इस प्रभाव को देखा गया था, जो अब बदलते मौसम में अहम भूमिका निभा रहा है।

Advertisement

गर्मी

हर जगह हो रही भीषण गर्मी

श्मिट के मुताबिक, गर्मी का हाल लगभग हर जगह एक जैसा ही है। महासागरों में भी भीषण गर्मी देखने को मिल रही है। वह कई महीनों से उष्णकटिबंधीय क्षेत्र के बाहर भी रिकॉर्ड तोड़ तापमान देख रहे हैं। उन्होंने अनुमान लगाया है कि यह आगे भी जारी रहेगा और इसका सबसे बड़ा कारण वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों का बढ़ता दबाव है, इस कारण संभावना बढ़ रही है कि 2023 में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी होगी।

Advertisement

बयान

इस साल की तुलना में 2024 हो सकता है अधिक गर्म

श्मिट ने आगे कहा, "हमें लगता है कि अल नीनो का जलवायु परिवर्तन पर असर इस साल के आखिर में बढ़ सकता है। अगर ऐसा हुआ तो 2024 इस साल की तुलना में और गर्म हो सकता है।" बता दें कि श्मिट की ये चेतावनियां तब सामने आई हैं, जब पूरी दुनिया पिछले हफ्ते में टूटे हुए तापमान रिकॉर्ड के अलावा आग और गंभीर स्वास्थ्य चेतावनियों से प्रभावित हुई है।

Advertisement