मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बिगड़ता है पूर्व सैनिकों के दिल का स्वास्थ्य, अध्ययन में खुलासा
क्या है खबर?
अक्सर लोग अपने मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान नहीं देते हैं और तनाव व चिंता के साथ ही जीवन बिताते रहते हैं। हालांकि, ऐसा करना सेना से जुड़े बुजुर्गों को भारी पड़ सकता है। एक हालिया अध्ययन में दावा किया गया है कि जिन पूर्व सैनिकों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं होती हैं, उनके लिए हृदय रोग का खतरा बढ़ जाता है। खराब मानसिक स्वास्थ्य दिल का दौरा, स्ट्रोक और दिल से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है।
अध्ययन
क्या कहता है अध्ययन?
'सर्कुलेशन' नाम की पत्रिका में इस अध्ययन को प्रकाशित किया गया है। यह डॉक्टरों और शोधकर्ताओं के एक पैनल द्वारा तैयार की गई एक वैज्ञानिक रिपोर्ट है।
इसमें 10 वैज्ञानिक शामिल थे, जिनकी अध्यक्षता डॉ नील युआन ने की और डॉ जॉन एम गैजियानो उपाध्यक्ष रहे।
इसके मुताबिक, तनाव और अवसाद आदि जैसी स्थितियां पूर्व सैनिकों में हृदय रोग के जोखिम को, ऐसी परेशानी न होने वाले लोगों की तुलना में 100 प्रतिशत तक बढ़ा सकती है।
जांच
कैसी हुई समीक्षा?
AHA की 'लाइफ्स एसेंशियल 8' सूची इस समीक्षा का आधार रही, जिसमें खान-पान, शारीरिक गतिविधि, वजन, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, ब्लड प्रेशर, नींद और तंबाकू का सेवन शामिल था।
लेखकों ने हर क्षेत्र के लिए मौजूदा दिशानिर्देशों, बुजुर्गों के सामने आने वाली चुनौतियों और उनके लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की। शोधकर्ताओं का उद्देश्य एक व्यापक और आसानी से उपलब्ध संसाधन तैयार करना था।
समीक्षा के बाद जो नतीजे सामने आए, वो चौकाने वाले थे।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
'मिलियन वेटरन प्रोग्राम' में शामिल पूर्व सैनिकों पर की गई जांच से पता चला कि 'लाइफ्स सिंपल 7' के 5 बिंदुओं पर 5 प्रतिशत से भी कम पूर्व सैनिक स्वस्थ स्तर तक पहुंच पाए।
इस कमी का सीधा संबंध जीवन प्रत्याशा में भारी गिरावट से है। नतीजों के मुताबिक, 48.6 प्रतिशत तक पूर्व सैनिक नींद से जुड़ी समस्याओं से जूझते हैं।
ज्यादातर पूर्व सैनिकों में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या आम है, जिसकी दर 63-87 प्रतिशत तक हो सकती है।
जोखिम
सैन्य गतिविधियां बढ़ा देती हैं जोखिम
इस तरह की समस्याओं का जोखिम सैन्य सेवा से और बढ़ सकता है।
शोध के अनुसार, युद्ध के दौरान लगी चोटें, मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और कचरा जलाने के गड्ढे जैसे हानिकारक तत्वों के संपर्क में आने से पूर्व सैनिकों में हाई ब्लड प्रेशर होने की संभावना बढ़ सकती है।
हर 4 पूर्व सैनिकों में से एक को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या होती है। फिर भी, इनमें से केवल 32 प्रतिशत ही इसके इलाज के लिए कदम उठाते हैं।