Page Loader
जन्मदिन विशेष: आयुष्मान खुराना इस एक्सरसाइज और डाइट प्लान से खुद को रखते हैं फिट
आयुष्मान खुराना की फिटनेस का राज

जन्मदिन विशेष: आयुष्मान खुराना इस एक्सरसाइज और डाइट प्लान से खुद को रखते हैं फिट

लेखन गौसिया
Sep 14, 2023
10:21 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता आयुष्मान खुराना का आज (14 सितंबर) अपना 39वां जन्मदिन है। उन्होंने 2012 में आई फिल्म 'विक्की डोनर' से फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वह 'दम लगा के हईशा', 'बेरली की बर्फी', 'शुभ मंगल सावधान' और 'बधाई हो' जैसी कई शानदार फिल्मों में नजर आए। वह एक बेहतरीन अभिनेता के साथ-साथ गायक भी हैं। उनकी शारीरिक फिटनेस भी लोगों को आकर्षित करती है। आइये आज जन्मदिन विशेष में उनकी फिटनेस का राज जानते हैं।

वर्कआउट

'ड्रीम गर्ल' के अभिनेता का वर्कआउट प्लान

आयुष्मान के वर्कआउट प्लान में कार्डियो, वेट ट्रेनिंग और फंक्शनल ट्रेनिंग शामिल है। वह अपने वर्कआउट की शुरुआत 30 मिनट के कार्डियो सेशन से करते हैं, जिसमें दौड़ना और साइकिल चलाना शामिल है। इससे उन्हें कैलोरी जलाने और दिल को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। आयुष्मान मजबूत मांसपेशियों के लिए स्क्वैट्स, डेडलिफ्ट्स, बेंच प्रेस और पुल-अप्स जैसी एक्सरसाइज करते हैं। इसके अलावा वह बर्पीज, लंजेस और प्लैंक जैसी एक्सरसाइज भी करते हैं।

शारीरिक परिवर्तन

'चंडीगढ़ करे आशिकी' के लिए आयुष्मान ने किया था शानदार शारीरिक परिवर्तन

फिल्म 'चंडीगढ़ करे आशिकी' में आयुष्मान ने एक बॉडी बिल्डर की भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्हें एक अलग शारीरिक परिवर्तन से गुजरना पड़ा था। शूटिंग के दौरान वह रोजाना 2 से 3 घंटे कोर ट्रेनिंग करते थे। आयुष्मान ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वर्कआउट वीडियो भी साझा किया था, जिसमें वह अपने वजन को संतुलित करने के लिए पुल-अप्स करते हुए दिखाई दे रहे थे।

डाइट

आयुष्मान का डाइट प्लान

फिटनेस के लिए एक्सरसाइज के साथ-साथ खान-पान भी जरूरी है, इसलिए आयुष्मान अपनी डाइट पर खास ध्यान देते हैं। उनके सुबह के नाश्ते में दूध, फल और मेवे के साथ ओट्स और एक गिलास जूस या स्मूदी शामिल है। दोपहर में आयुष्मान एक कटोरी दाल, सब्जियां और रोटी या ब्राउन राइस खाते हैं। इसके अलावा आयुष्मान के रात के भोजन में सूप, सलाद और ग्रिल्ड चिकन या मछली शामिल होती है। वह थोड़ा-सा ब्राउन राइस और क्विनोआ भी खाते हैं।

स्वस्थ आदतें

आयुष्मान की फिटनेस से जुड़ी कुछ स्वस्थ आदतें

आयुष्मान स्नैक्स में भी अनहेल्दी खाद्य पदार्थों की बजाय फल, मेवे और प्रोटीन बार जैसी स्वस्थ चीजों का सेवन करते हैं। पेय पदार्थों में वह ग्रीन टी या ब्लैक कॉफी या देसी पेय जैसे छाछ, सत्तू आदि पीना पसंद करते हैं। आयुष्मान अपने शरीर और दिमाग को स्वस्थ बनाए रखने के लिए रोजाना कुछ समय के लिए योग का अभ्यास भी करते हैं। इसके अलावा वह धूम्रपान और शराब से परहेज करते हैं।