Page Loader
जन्मदिन विशेष: दिशा पाटनी फिट रहने के लिए इस वर्कआउट और डाइट को करती हैं फॉलो
दिशा पाटनी की फिटनेस का राज

जन्मदिन विशेष: दिशा पाटनी फिट रहने के लिए इस वर्कआउट और डाइट को करती हैं फॉलो

लेखन गौसिया
Jun 13, 2023
06:00 am

क्या है खबर?

बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्रियों में से एक दिशा पाटनी ने हमेशा ही अपने अभिनय और फिटनेस से युवा लड़कियों को प्रेरित किया है। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत तेलुगू फिल्म 'लोफर' से की थी। इसके बाद उन्होंने स्पोर्ट्स बायोपिक 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में अपना बॉलीवुड डेब्यू किया। दिशा आज अपना 31वां जन्मदिन मना रही हैं। ऐसे में आइए आज जन्मदिन विशेष में उनकी फिटनेस और डाइट प्लान के बारे में जानते हैं।

वर्कआउट रूटीन

अभिनेत्री के वर्कआउट रूटीन में शामिल हैं ये एक्सरसाइज

अभिनेत्री अपने वर्कआउट रूटीन को लेकर हमेशा सतर्क रहती हैं। फिटनेस को लेकर उनकी दीवानगी साफ नजर भी आती है। दिशा रोजाना 1 घंटे की ट्रेनिंग लेती हैं। उनके वर्कआउट रूटीन में कार्डियो के अलावा डांसिंग, किक बॉक्सिंग, जिम्नास्टिक और वेट ट्रेनिंग जैसी कई एक्सरसाइज शामिल हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने हार्ड डेड लिफ्ट और हिप थ्रस्ट करके कई लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। वह अक्सर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वर्कआउट करते हुए वीडियो भी साझा करती हैं।

योग

रोजाना एक घंटा योग करती हैं अभिनेत्री

दिशा हफ्ते में 6 दिन वर्कआउट करती हैं और दिन में 2 बार जिम जाती हैं। वह रोजाना सुबह 1 घंटे योग का अभ्यास भी करती हैं। वह जिम में सुबह कार्डियो और शाम को वेट ट्रेनिंग करती हैं। एक इंटरव्यू के दौरान उनके ट्रेनर राजेंद्र ढोले ने बताया था, "दिशा स्क्वैट्स, डेड लिफ्ट्स, मिलिट्री प्रेस, शोल्डर प्रेस, चेस्ट प्रेस, बाइसेप कर्ल, ट्राइसेप एक्सटेंशन करती हैं।" दिशा को चीनी मार्शल आर्ट 'कुंग फू' भी पसंद है।

डाइट

'मलंग' की अभिनेत्री का डाइट प्लान

दिशा अपनी फिटनेस को लेकर काफी गंभीर हैं, इसलिए वह खान-पान का भी अधिक ध्यान रखती हैं। वह कार्ब्स और प्रोटीन के बीच संतुलन बनाए रखने की कोशिश करती हैं। उनके नाश्ते में आमतौर पर 2-3 अंडे, जूस और दूध शामिल होता है। दोपहर के खाने के लिए दिशा जूस और ताजे फल खाना पसंद करती हैं। वहीं रात के खाने में वह आमतौर पर ब्राउन राइस, चिकन, अंडे, सब्जियों का सलाद और दाल लेती हैं।

खान-पान

हफ्ते में 1 दिन मीठा खाना पसंद करती हैं अभिनेत्री

अभिनेत्री दिशा हफ्ते में एक दिन चीट डे मनाती हैं और वह उस दिन मीठा खाती हैं। वह अपनी मीठे की क्रेविंग को पूरा करने के लिए हफ्ते में 1 बार चॉकलेट, केक या आइसक्रीम जैसे डेसर्ट खाना पसंद करती हैं। इसके अलावा दिशा ढेर सारा पानी भी पीती हैं और नियमित रूप से कम से कम 8 घंटे की पर्याप्त नींद लेती हैं।