Loading...
रोजाना देर से सोना आपको बना सकता है चिंता और अवसाद का शिकार, अध्ययन में खुलासा
अनियमित नींद से बढ़ती है चिंता और अवसाद (तस्वीर: पिक्सेल)

रोजाना देर से सोना आपको बना सकता है चिंता और अवसाद का शिकार, अध्ययन में खुलासा

लेखन सयाली
Nov 13, 2026
10:47 am

क्या है खबर?

आज के दौर में ज्यादातर लोग काम की व्यस्तता और सोशल मीडिया आदि के चलते समय पर सोते नहीं हैं। इसका असर न केवल उनके शारीरिक स्वास्थ्य पर, बल्कि उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। एक अध्ययन में खुलासा किया गया है कि अनियमित समय पर नींद लेने से व्यक्ति अवसाद और चिंता का शिकार हो सकता है। देर से सोने वालों को अकेलापन भी ज्यादा महसूस होता है।

अध्ययन

क्या कहता है अध्ययन?

सैन फ्रांसिस्को विश्वविद्यालय और सैन डिएगो विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन को पूरा किया था। इसे 'साइंटिफिक रिपोर्ट्स' नाम की पत्रिका में प्रकाशित किया गया था।

इसके मुताबिक, जिन लोगों के सोने-जागने का समय अनियमित होता है, उनमें चिंता, अवसाद और अकेलेपन के लक्षण भी अधिक गंभीर हो सकते हैं।

इस अध्ययन में नींद की नियमितता की जांच की गई, जिसके लिए पहनने योग्य उपकरणों से मिले कई महीनों के डेटा का इस्तेमाल किया गया।

जांच

हजारों प्रतिभागी बने अध्ययन का हिस्सा

शोधकर्ताओं ने अध्ययन के लिए लगभग 23,000 प्रतिभागियों के डेटा का विश्लेषण किया, जो 'टेमप्रेडिक्ट' नाम के पुराने अध्ययन में शामिल थे।

2020 में शुरू किए गए इस अध्ययन का उद्देश्य यह पता लगाना था कि क्या पहनने योग्य उपकरणों से मिलने वाला डेटा, लोगों द्वारा लक्षणों को पहचानने से पहले ही कोरोना की पहचान करने में मदद कर सकता है या नहीं।

इस अध्ययन के दौरान प्रतिभागियों की नींद पर 154 दिनों तक नजर रखी गई।

ADVERTISEMENT

प्रक्रिया

स्मार्ट अंगूठी से प्रतिभागियों की नींद पर रखी गई नजर

प्रतिभागियों की औसत उम्र 46 साल थी और उनमें से आधी महिलाएं थीं। सभी ने एक स्मार्ट अंगूठी पहनी, जो सेंसर की मदद से हलचल का पता लगाती है और शरीर के महत्वपूर्ण संकेतों को मापती है।

इस अंगूठी से मिले डेटा का इस्तेमाल करके यह अनुमान लगाया गया कि प्रतिभागी कब सोए और कब जागे। इससे शोधकर्ता सभी के 'स्लीप रेगुलैरिटी इंडेक्स' (SRI) की गणना कर पाए, जो 0 से 100 के पैमाने पर होता है।

ADVERTISEMENT

नतीजे

क्या रहे अध्ययन के नतीजे?

प्रतिभागियों में अवसाद, चिंता और अकेलेपन का आकलन एक मासिक सर्वेक्षण के जरिए किया गया। नींद का समय नियमित न होने का संबंध अधिक अवसाद और चिंता से पाया गया।

जिन प्रतिभागियों में अवसाद के लक्षण कम या बिल्कुल नहीं थे, उनका औसत SRI 84 था। हल्के अवसाद वालों का औसत SRI 83, मध्यम का 81 और गंभीर लक्षणों वालों का 75 था।

सामान्य स्तर की चिंता वाले प्रतिभागियों का औसत SRI 84, जबकि गंभीर चिंता वालों का 79 था।

ADVERTISEMENT