कब्ज से हैं परेशान? रोजाना 2 कीवी खाने से मिल सकता है आराम, अध्ययन में खुलासा
क्या है खबर?
अक्सर लोगों को कब्ज की समस्या झेलनी पड़ती है, जिसके दौरान पेट साफ नहीं हो पाता है। इसे ठीक करने के लिए लोग दवाइयों का सहारा लेते हैं, जिन्हें रोजाना खाना सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। ऐसे में इस स्वास्थ्य समस्या का एक प्राकृतिक हल सामने आया है। एक नए अध्ययन के मुताबिक, अगर आप हर दिन 2 कीवी खाते हैं तो आपको कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है।
अध्ययन
जापान में किया गया अध्ययन
इस अध्ययन को 'फूड न्यूट्रिशन एंड हेल्थ' नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया था। इसे जापान की तोहोकू यूनिवर्सिटी ग्रेजुएट स्कूल ऑफ मेडिसिन के साइकोसोमैटिक मेडिसिन विभाग के शोधकर्ता योहेई ओकावा ने किया।
इसके दौरान फंक्शनल कब्ज (FC) और कब्ज-प्रधान इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS-C) के प्रबंधन में कीवी के क्लिनिकल साक्ष्यों, काम करने के तरीकों, प्रभावी डाइट और संभावित उपयोगों का मूल्यांकन किया गया था।
इसके लिए 1984 से लेकर 2026 तक किए गए कई अध्ययन खंगाले गए थे।
जांच
इस तरह चुने गए अध्ययन
जांच में कीवीफ्रूट, कब्ज, IBS-C, डाइटरी फाइबर, गट माइक्रोबायोटा, सॉर्बिटोल, पॉलीफेनोल्स, एक्टिनिडिन और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल आराम जैसे शब्दों वाले अध्ययन शामिल थे।
जनवरी 1984 से दिसंबर 2017 तक के प्रकाशनों को 'शुरुआती साक्ष्य आधार' के रूप में वर्गीकृत किया गया, जबकि जनवरी 2018 के बाद के प्रकाशनों को 'हालिया साक्ष्य' माना गया।
465 शीर्षकों की जांच करने और 79 पेपर का मूल्यांकन करने के बाद, अंत में 33 अध्ययनों को चुना गया।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
184 वयस्कों वाले एक अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में कब्ज वाले 60 लोग, IBS-C वाले 61 लोग और 63 स्वस्थ लोग शामिल थे। इसके दौरान उन्हें रोजाना 2 कीवी खाने को कहा गया और उसकी तुलना 7.5 ग्राम इसबगोल से की गई।
कीवी के सेवन के दौरान, कब्ज वाले लोगों में प्रति सप्ताह 1.53 और IBS-C वाले लोगों में 1.73 बार पेट साफ होने की संभवना बढ़ी। कीवी मल त्याग की आवृत्ति, मल की मात्रा और उसकी नरमी को बढ़ाती है।
परिणाम
4 कीवी खाना भी है फायदेमंद
यह फल मल त्याग के दौरान लगने वाले जोर को कम करके आंतों के कार्य में भी सुधार करता है। रोजाना 4 कीवी खाने वाले 14 स्वस्थ वयस्कों पर किए गए 3 दिवसीय अध्ययन में भी ऐसे ही नतीजे दिखाई दिए।
उनकी आंतों में पानी और मल बनने में वृद्धि देखी गई, जिससे उन्हें पेट साफ होने में आसानी हुई। मौजूदा साक्ष्य बताते हैं कि 4 हफ्तों तक रोजाना 2 कीवी खाना कब्ज दूर करने में मदद कर सकता है।