LOADING...
कोपेनहेगन है दुनिया का सबसे शानदार रहने योग्य शहर, जानिए किस शहर को मिला कौन-सा स्थान

कोपेनहेगन है दुनिया का सबसे शानदार रहने योग्य शहर, जानिए किस शहर को मिला कौन-सा स्थान

लेखन सयाली
Jun 17, 2025
06:40 pm

क्या है खबर?

पिछले 3 सालों से वियना ने दुनिया के सबसे शानदार रहने योग्य शहर का खिताब अपने नाम कर रख था। हालांकि, इस साल ऑस्ट्रिया की राजधानी को इस पद से हटा दिया गया है। इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट (EUI) द्वारा जारी की गई वार्षिक रैंकिंग के मुताबिक अब कोपेनहेगन दुनिया की सबसे रहने लायक जगह बन गई है। यह फैसला स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, स्थिरता, बुनियादी ढांचे और पर्यावरण के आधार पर 173 शहरों का मूल्यांकन करने के बाद लिया गया है।

शीर्ष 5 

ये हैं शीर्ष-5 में स्थान बनाने वाले शहर

कोपेनहेगन डेनमार्क की राजधानी है, जिसने स्थिरता, शिक्षा और बुनियादी ढांचे में उत्तम अंक प्राप्त करके पहला स्थान हासिल किया है। इस सूची में वियना दूसरे स्थान पर जा पहुंचा है और वह स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख के साथ इस पद को साझा कर रहा है। सूची का तीसरा स्थान खाली ही रहा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न ने अपने चौथे पद को बरकरार रखा। वहीं, स्विट्जरलैंड के खूबसूरत शहर जिनेवा को इस सूची में 5वां स्थान दिया गया।

कारण

वियना को क्यों मिला दूसरा स्थान?

3 सालों के बाद वियना के दूसरे स्थान पर आने का कारण स्थिरता अंक में गिरावट को बताया जा रहा है। यह गिरावट हाल की घटनाओं से जुड़ी हुई थी, जिसमें टेलर स्विफ्ट के कॉन्सर्ट में बम विस्फोट की धमकी वाली घटना भी शामिल थी। EUI में उद्योग उप निदेशक बरसाली भट्टाचार्य ने कहा, "पिछले साल वैश्विक स्तर पर रहने की क्षमता स्थिर रही और 2024 के बाद वैश्विक स्तर पर स्थिरता स्कोर में गिरावट आई है।"

वरीयता

इन शहरों को मिला 6 से लेकर 10 का स्थान

पिछले साल की सूची में सिडनी को 7वां स्थान दिया गया था, लेकिन इस साल वह 6ठे स्थान पर पहुंच गया है। वहीं, जापानी के ओसाका और न्यूजीलैंड के शहर ऑकलैंड संयुक्त रूप से 7वें स्थान पर रहे। 9वें स्थान पर एडिलेड शीर्ष 10 में जगह बनाने वाला तीसरा ऑस्ट्रेलियाई शहर रहा। वहीं, कनाडा के वैंकूवर को इस सूची में 10वें स्थान पर रखा गया। 2024 में 5वें स्थान पर रहने वाला कैलगरी इस साल शीर्ष 10 से बाहर हुआ।

गिरावट

इन शहरों की रैंकिंग में आई गिरावट

इस साल कैलगरी 18वें स्थान पर जा गिरा और टोरंटो भी 12वें से 16वें स्थान पर आ गया। इस बीच, स्थिरता में कम अंक प्राप्त करने के बाद ब्रिटेन के शहर लंदन, मैनचेस्टर और एडिनबर्ग की रैंकिंग में भी गिरावट आई। इसका कारण पिछले साल ब्रिटेन में हुए दंगे और अशांति को बताया जा रहा है। सूची में लंदन 45वें स्थान से 54वें स्थान पर, मैनचेस्टर 43वें से 52वें स्थान पर और एडिनबर्ग 59वें से 64वें स्थान पर आ गया।

अन्य शहर 

पिछले साल से अब तक नहीं बदला सबसे कम रहने योग्य शहर

सऊदी अरब की फारस की खाड़ी का शहर अल खोबर 148वें स्थान से 135वें स्थान पर पहुंच गया है। इंडोनेशिया के जकार्ता का स्थान भी बदला और स्थिरता में सुधार के कारण वह 142वें से 132वें स्थान पर आ गया। इस सूची में सबसे नीचे की रैंकिंग में पिछले साल से अब तक ज्यादा बदलाव नहीं आया है। सीरिया का दमिश्क अभी भी दुनिया में सबसे कम रहने योग्य स्थान है।