Page Loader
भारत की इन जगहों पर धूमधाम से मनाया जाता है क्रिसमस
भारत की इन जगहों पर मनाया जाता है क्रिसमस

भारत की इन जगहों पर धूमधाम से मनाया जाता है क्रिसमस

लेखन अंजली
Dec 20, 2021
09:02 pm

क्या है खबर?

क्रिसमस का त्योहार नजदीक है और ऐसे में आप अपने परिवार या फिर दोस्तों के साथ इस त्योहार का मजा दोगुना करना चाहते हैं तो आप विदेशी ही नहीं बल्कि भारत की जगहों पर घूमने का प्लान बना सकते हैं। जी हां, भारत में भी कई जगहें ऐसी हैं, जहां क्रिसमस के त्योहार के लिए खास तैयारियां की जाती हैं। आइए आज हम आपको बताते हैं कि भारत की किन जगहों पर क्रिसमस मनाना अच्छा है।

#1

शिलोंग

भारत के उत्तर-पूर्वी राज्य मेघालय की राजधानी शिलोंग में क्रिसमस का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। क्रिसमस के मौके पर शिलोंग की गलियों, घरों और चर्चों को फेयरी लाइट्स से सजाया जाता है, जिससे कोई भी शिलोंग की हवा में क्रिसमस का उत्साह महसूस कर सकता है। वहीं, यहां शाम का नजारा पूरी तरह से क्रिसमस के रंग में रंगा नजर आता है, इसलिए शिलोंग निस्संदेह भारत में क्रिसमस की छुट्टियां मनाने के लिए उचित जगह है।

#2

पुदुच्चेरी

तमिलनाडु के तट से कुछ ही दूरी पर स्थित पुदुच्चेरी एक छोटा सा केंद्र शासित प्रदेश हैं, जो क्रिसमस की छुट्टीयां मनाने के लिए सबसे लोकप्रिय जगहों में से एक है। बता दें कि यहां ईसाइयों की काफी आबादी है, जो पारंपरिक अनुष्ठानों और मेरी-मेकिंग के साथ बड़े उत्साह से क्रिसमस मनाते हैं और उनकी वजह से पुदुच्चेरी भारतीय पर्यटकों के साथ-साथ विदेशी पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

#3

गोवा

अपने खूबसूरत बीच और नाइटलाइफ के लिए मशहूर गोवा में भी क्रिसमस का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। यहां की गलियों, घरों और चर्चों को तरह-तरह की लाइट्स और फूलों से सजाया जाता है और बच्चे देर रात तक क्रिसमस कैरोल गाते हैं। क्रिसमस के जश्न के लिए गोवा बहुत प्रसिद्ध है, इसलिए यह देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों से हजारों पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।

#4

केरल

भारत के दक्षिणी भाग में स्थित केरल भी क्रिसमस का त्योहार मनाने के लिए सबसे अच्छी और लोकप्रिय जगहों में से एक है। यहां क्रिसमस के दौरान लोग अपने घरों, चर्चों और गली को क्रिसमस थीम से संबंधित तरह-तरह की चीजों से सजाते हैं। वहीं, यहां के चर्च चाहे बड़े हो या छोटे रातभर खुले रहते हैं। इसलिए अगर आप भारत में क्रिसमस मनाने के लिए अच्छी जगह की तलाश में है तो यहां का रूख जरूर करें।