Page Loader
दुनिया की 5 सबसे सुंदर सेल्फ पोर्ट्रेट, जो हैं तस्वीरों से भी शानदार 

दुनिया की 5 सबसे सुंदर सेल्फ पोर्ट्रेट, जो हैं तस्वीरों से भी शानदार 

लेखन सयाली
May 26, 2025
02:34 pm

क्या है खबर?

आज के समय में तो सभी मोबाइल या कैमरे से अपनी तस्वीरें खींचकर संजो लेते हैं। हालांकि, पुराने जमाने में यह संभव नहीं था, क्योंकि उस वक्त कैमरे का आविष्कार नहीं हुआ था। उस समय केवल कला ही ऐसा माध्यम हुआ करती थी, जिसके जरिए लोग अपने खुद के चित्र बना सकते थे। दुनिया में कई ऐसे प्रतिभाशाली पेंटर हुए, जिनकी सेल्फ पोर्ट्रेट आज तक उनके कौशल का बखान करती हैं। आइए सबसे मशहूर सेल्फ पोर्ट्रेट के बारे में जानें।

#1

विन्सेंट वान गॉग की 'बैंडेज्ड ईयर सेल्फ-पोर्ट्रेट'

वान गॉग ने अपने जीवन में कई बेहतरीन सेल्फ पोर्ट्रेट बनाईं, जिनमें से 'बैंडेज्ड ईयर सेल्फ पोर्ट्रेट' सबसे प्रसिद्ध हुई। यह पेंटिंग दिखाती है कि कैसे इस कलाकार ने अपने कठिन समय को कला में बदल दिया। यह पेंटिंग तब बनाई गई थी, जब उनकी पॉल गौगुइन नामक पेंटर से लड़ाई हुई थी। इसके दुख में उन्होंने अपने कान काट दिए थे। इससे पता चलता है कि वह दर्द को व्यक्त करने के लिए भी कला का सहारा लेते थे।

#2

लियोनार्डो दा विंची की 'लाल चाक वाली सेल्फ पोर्ट्रेट'

मोनालिसा जैसी अनोखी कलाकृति की रचना करने वाले लियोनार्डो दा विंची दुनिया के सबसे प्रतिभाशाली कलाकारों में से एक हैं। उन्होंने 1512 में एक सुंदर सेल्फ पोर्ट्रेट बनाई थी, जिसका नाम 'लाल चाक वाली सेल्फ पोर्ट्रेट' रखा गया था। उन्होंने इसे बनाने के लिए लाल रंग वाली चाक का इस्तेमाल किया था और बेहद बारीकी से अपने चेहरे को कैनवास पर उकेरा था। इस पोर्ट्रेट में दा विंची किसी महान राजा जैसे दिख रहे हैं।

#3

फ्रिडा काहलो की 'द टू फ्रिडाज'

फ्रिडा काहलो भी अपनी अद्भुत सेल्फ पोर्ट्रेट्स के लिए मशहूर हैं। उनकी तमाम पेंटिंग में से 'द टू फ्रिडाज' सबसे चर्चित है, जिसमें उन्होंने अपने 2 चित्रों को एक साथ बनाया है। इसमें एक फ्रिडा ने सफेद गाउन पहना है और उनके हाथ में एक कैंची है। वहीं, दूसरी फ्रिडा ने जीवंत रंग के कपड़े पहने हैं। दोनों ही उदास नजर आती हैं और उनके दिल पर दिखाई देने वाले घाव उस अशांति को दर्शाते हैं, जो उन्होंने झेली थी।

#4

क्लाउड मोनेट की 'सेल्फ पोर्ट्रेट विद बेरेट'

क्लाउड मोनेट एक ऐसे कलाकार थे, जो अपनी हर पेंटिंग को बेहद बारीकी से बनाते थे। उनकी सेल्फ पोर्ट्रेट भी उनकी प्रतिभा को बखूबी बयान करती थीं। 'सेल्फ पोर्ट्रेट विद बेरेट' में मोनेट ने खुद को नीले रंग के बैकग्राउंड में चित्रित किया है और उनके कपड़े हल्के नीले रंग के हैं। इस पेंटिंग में उनकी आखें सीधे हमारी ओर देखती हैं, जिससे ऐसा लगता है मानो वह जानना चाहते हों कि उनकी रचना को कौन-कौन देख रहा है।

#5

पाब्लो पिकासो की 'सेल्फ पोर्ट्रेट विद पैलेट'

पाब्लो पिकासो ने पेंटिंग शुरू करने से लेकर बुढ़ापे तक कई सुंदर सेल्फ पोर्ट्रेट बनाई थीं। उनकी 1906 की 'सेल्फ पोर्ट्रेट विद पैलेट' उनकी विकसित होती कला का शानदार उदाहरण है। इसमें उन्होंने सी ग्रीन रंग का बैकग्राउंड रंगा है और खुद को सफेद रंग के कपड़ों में चित्रित किया है। उनका एक हाथ उनकी पैंट की जेब में है और दूसरे हाथ में उन्होंने रंगों वाला पैलेट पकड़ा हुआ है।