इतिहास के प्रसिद्ध पेंटर पाब्लो पिकासो की ये 5 पेंटिंग हैं सबसे मशहूर
क्या है खबर?
वैसे तो दुनियाभर में कई दिग्गज कलाकार हुए, लेकिन पाब्लो पिकासो की ओर से कला के क्षेत्र में दिए गए योगदान की तुलना नहीं की जा सकती है।
वह स्पेन में जन्में महान पेंटर, मूर्तिकार, प्रिंटमेकर, सिरामिस्ट और थिएटर डिजाइनर थे। उन्हें आज भी इतिहास का सबसे महान कलाकार कहा जाता है, क्यूंकि वह हर तरह की पेंटिंग बना लिया करते थे।
आइए आज इस नगीने की 5 सबसे मशहूर पेंटिंग के बारे में जानते हैं।
#1
गुएर्निका
गुएर्निका पिकासो की सबसे मशहूर पेंटिंग है, जिसके पीछे दर्दनाक कहानी छिपी है। इसे 1937 में एक बड़े कैनवास पर बनाया गया था और इसे तैयार करने के लिए ऑयल पेंट इस्तेमाल हुए थे।
यह पेंटिंग 27 अप्रैल, 1937 की घटनाओं पर आधारित है, जब हिटलर के जर्मन स्ट्राइकर ने फ्रैंको के समर्थन में गुएर्निका गांव पर बमबारी की थी।
इसके काले-सफेद रंग उदास मनोदशा को दर्शाते हैं। इसमें बिगड़े चेहरों वाले जानवर और रोती हुई मां बनी हुई हैं।
#2
द ओल्ड गिटारिस्ट
'द ओल्ड गिटारिस्ट' पिकासो द्वारा बनाई गई एक ऑयल पेंटिंग है, जिसे उन्होंने 1903 के अंत और 1904 की शुरुआत में बनाया था।
कहा जाता है कि इसे उन्होंने अपने मुसीबत भरे दिनों में बनाया था। यह एक बूढ़े आदमी का चित्र है, जो कुपोषित हैं और उनका सिर झुका हुआ है।
उसके चेहरे पर झुर्रियां नजर आ रही हैं और हाथों में एक गिटार है। यह पेंटिंग नीले रंग से बनी है, जो उदासी और कठिनाई को दर्शाती है।
#3
ला रेवे
'ला रेवे' 1932 में बनाई गई ऑयल पेंटिंग है, जिसके शीर्षक का मतलब होता है 'सपना'।
यह पिकासो की प्रेमिका मैरी-थेरेस वाल्टर का चित्र है, जो स्त्रियों के सौंदर्य का शानदार नमूना पेश करता है।
इसमें जवान मैरी कुर्सी पर बैठी नजर आती हैं, जिनकी आखें बंद हैं। कहा जाता है कि वह आखें बंद करके किसी सुहाने सपने में खोई हुई हैं।
इस पेंटिंग में पीले, लाल और नीले जैसे जीवंत रंगों का इस्तेमाल किया गया है।
#4
डोरा मार का चित्र
डोरा मार एक प्रतिभाशाली महिला पेंटर थीं, जो पिकासो की कई पेंटिंग की प्रेरणा रहीं। कहा जाता है कि वह असल में उनकी प्रेमिका हुआ करती थीं।
उन्होंने 'पोर्ट्रेट डे डोरा मार' यानि डोरा मार का एक चित्र बनाया था, जिसने कला क्षेत्र में खूब नाम कमाया।
इस पेंटिंग में डोरा का चेहरा एक साथ कई कोनों से दिखाया गया है और उनके चेहरे की विशेषताओं को जीवंत रंगों से सजाया गया है।
#5
द किस
पिकासो ने 'द किस' नाम की एक अनोखी पेंटिंग बनाई थी, जो उनके कौशल का बखूबी बखान करती है। इसमें 2 प्रेमियों का चित्र बनाया गया है और उन्हें ऐबस्ट्रैक्ट शैली में पेंट किया गया है।
वे दोनों गले लगकर एक दूसरे को चूमते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस पेंटिंग के जरिए पिकासो ने यह दर्शाने की कोशिश की है कि दोनों प्रेमी प्यार में डूबे हुए हैं और अपने बीच की दूरियों को खत्म कर देना चाहते हैं।