अहमदाबाद विमान हादसे पर इटली की रिपोर्ट को AAIB ने खारिज किया, कहा- गलत और अटकलबाजी
क्या है खबर?
गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून, 2025 को हुए एयर इंडिया विमान हादसे के लेकर सामने आई इतालवी मीडिया की रिपोर्ट को विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। ब्यूरो ने रिपोर्ट को गलत और अटकलबाजी पर आधारित बताते हुए कहा, "जांच जारी है। कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।" AAIB ने कहा कि वह दुर्घटना और घटना जांच नियम, 2025 और ICAO अनुबंध-13 के तहत भारत के दायित्वों के अनुसार जांच करता है।
जांच
AAIB ने क्या कहा?
AAIB ने कहा कि विमान दुर्घटना की जांच तकनीकी और साक्ष्य पर आधारित है, ताकि दुर्घटना के मूल कारण पता चलें और विमानन सुरक्षा में सुधार हो, न कि समय से पहले किसी पर दोषारोपण करे। ब्यूरो के मुताबिक, उसकी प्रारंभिक रिपोर्ट में केवल जांच के उस चरण में मिली तथ्यात्मक जानकारी को ही शामिल किया गया था। जांच पूरी होने के बाद, स्थापित अंतरराष्ट्रीय मानदंडों के अनुरूप, अंतिम जांच रिपोर्ट प्रकाशित होगी, जिसमें निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें होंगी।
रिपोर्ट
इटली की रिपोर्ट में क्या है दावा?
इटली के समाचार पत्र, कोरिएरे डेला सेरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हादसा तकनीकी खराबी से नहीं बल्कि जानबूझकर किया गया था। रिपोर्ट में बताया गया कि विमान के 2 पायलटों में से एक ने उड़ान भरने के तुरंत बाद दोनों इंजन के ईंधन स्विच को बंद कर दिया था। इतालवी अखबार ने रिपोर्ट में भारतीय और अमेरिकी जांचकर्ताओं के बीच हुई बातचीत से परिचित पश्चिमी विमानन सूत्रों का हवाला दिया है।