Page Loader
वान गॉग की कला की मुरीद है पूरी दुनिया, जानिए उनके जीवन से जुड़े रोचक तथ्य 

वान गॉग की कला की मुरीद है पूरी दुनिया, जानिए उनके जीवन से जुड़े रोचक तथ्य 

लेखन सयाली
Apr 08, 2025
03:33 pm

क्या है खबर?

जब भी हम कला के बारे में सोचते हैं, हमारे मन में 'स्टारी नाइट' पेंटिंग की छवि आ जाती है। यह खूबसूरत पेंटिंग दिग्गज कलाकार विन्सेंट विलेम वान गॉग की रचना है, जो दुनिया के सबसे मशहूर पेंटरों में से एक थे। वह तो दुनिया को अलविदा कह गए, लेकिन उनकी कला सदा के लिए अमर हो गई। उनके द्वारा बनाई गई पेंटिंग्स भावनाओं से भरी होती थीं। चलिए वान गॉग के जीवन से जुड़े कुछ रोचक तथ्य जानते हैं।

#1

हर 10 दिन में बनाते थे एक नई पेंटिंग

आज के समय में लोग वान गॉग की चुनिंदा पेंटिंग्स की सराहना करते हैं। हालांकि, 37 साल के जीवन काल के दौरान उन्होंने हजारों खूबसूरत पेंटिंग बनाई थीं। जानकार बताते हैं कि वान गॉग हर 10 दिन में एक नई पेंटिंग बनाते थे। अनुमान है कि उन्होंने अपने जीवन में 900 ऑयल पेंटिंग और कई स्केच बनाए थे। कई बार तो उन्हें कलाकृतियों के ऊपर या पीछे पेंटिंग करनी पड़ती थी, क्योंकि कागज या कैनवास कम पड़ जाया करते थे।

#2

जीवित रहते हुए नहीं बिकती थीं उनकी रचनाएं

आज के समय में कला के प्रशंसक वान गॉग की छोटी से छोटी पेंटिंग को हासिल करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च करने को तैयार हो जाते हैं। बच्चा-बच्चा उनकी कला का मुरीद है और उनकी पेंटिंग कई घरों की शोभा बढ़ा रही हैं। हालांकि, जब वान गॉग जीवित थे तब उनके हाथ केवल निराशा लगी। दरअसल, जीवित रहते हुए वह केवल एक पेंटिंग बेच पाए थे। उसका नाम 'द रेड वाइनयार्ड' था, जिसे उनके भाई थिओ ने बेचा था।

#3

उन्हें पत्र लिखने का भी था शौक 

पूरी दुनिया जानती है कि वान गॉग एक कमाल के पेंटर थे। हालांकि, काफी कम लोगों को यह बात पता है कि उन्हें पत्र लिखने का भी शौक था। उनके भाई उनके सबसे बड़े प्रशंसक और समर्थक थे, जिनको उन्होंने 800 से भी ज्यादा पत्र लिखे थे। वह पत्र के जरिए थिओ को अपनी परेशानियां, भावनाएं और ख्यालों के बारे में बताया करते थे। इसके अलावा, यह अपने लगातार बिगड़ते मानसिक स्वास्थ्य के बारे में भी लिखते थे।

#4

झगड़ा होने पर काट लिए थे अपने कान

वान गॉग की एक पेंटिंग बेहद मशहूर है, जिसमें उनके कानों पर पट्टी बंधी हुई है। लोग मानते हैं कि उन्होंने बिना किसी कारण के इसे बनाया होगा। हालांकि, सच तो यह है कि उस पेंटिंग को बनाने से पहले वान गॉग ने अपने कान काट लिए थे। कहा जाता है कि एक बार उनका अपने साथी कलाकार और मित्र पॉल गौगिन से झगड़ा हो गया था। इसी से परेशान हो कर उन्होंने इतना बड़ा कदम उठा लिया था।

#5

आज भी नहीं सुलझी उनकी मौत की गुत्थी

वान गॉग ने 29 जुलाई, 1890 में 37 साल की आयु में अपनी अंतिम सांस ली थी। कहा जाता है कि उन्होंने खुद को सीने में गोली मार ली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने 7 मिमी लेफौचेक्स रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी थी और फिर 2 दिन बाद थियो के पास उनकी मृत्यु हो गई थी। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स कहती हैं कि उन्हें कुछ लड़कों ने मारा था, जो अक्सर उनका मजाक उड़ाते थे।