Page Loader
घर पर आसानी से बनाएं जा सकते हैं ये 5 प्रोटीन शेक, जानिए इनकी रेसिपी
प्रोटीन शेक बनाने की रेसिपी

घर पर आसानी से बनाएं जा सकते हैं ये 5 प्रोटीन शेक, जानिए इनकी रेसिपी

लेखन गौसिया
Dec 31, 2022
08:00 pm

क्या है खबर?

प्रोटीन शेक के सेवन से शरीर को 25 ग्राम तक प्रोटीन मिल सकता है। इसके रोजाना सेवन से मसल्स बनाने और मांसपेशियों को मजबूत रखने में मदद मिलती है। साथ ही यह शरीर में ऊर्जा के स्तर और वजन बढ़ाने में भी कारगर है। यह सेहत के लिए फायदेमंद होने के साथ-साथ स्वादिष्ट भी होता है। ऐसे में इसे कोई भी पी सकता है। आइए आज हम आपको घर पर ही प्रोटीन शेक बनाने के पांच रेसिपी बताते हैं।

#1

चॉकलेट प्रोटीन शेक (प्रोटीन- 23.6 ग्राम)

सामग्री: एक सेब, एक बड़ी चम्मच बादाम का मक्खन, एक बड़ी चम्मच कद्दूकस किया हुआ डार्क चॉकलेट, एक बड़ी चम्मच कोको पाउडर, एक कप दूध, आधा कप दही और दो पिसे हुए खजूर। बनाने की विधि: सबसे पहले एक ब्लेंडर में कटा हुआ सेब, खजूर, दूध, दही, कोको पाउडर और बादाम का मक्खन डालकर ब्लेंड कर लें। थिक स्मूदी को गिलास में डालकर कद्दूकम की हुई चॉकलेट से गार्निश करते हुुए इसे सर्व करें।

#2

सत्तू का प्रोटीन शेक (प्रोटीन- 16.65 ग्राम)

सामग्री: चार बड़ी चम्मच सत्तू पाउडर, आधा नींबू का रस, दो बड़ी चम्मच कटा हुआ धनिया, आधी छोटी चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, नमक (स्वादानुसार) और एक कप पानी। बनाने की विधि: सबसे पहले सत्तू, नमक, भुना हुआ जीरा पाउडर और कटा हरा धनिया को एक साथ मिलाएं। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालें ताकि कोई गांठ न हो। अब इसे एक गिलास में डालकर इसमें नींबू का रस मिलाएं। आपका सत्तू का प्रोटीन शेक तैयार है।

#3

पीनट बटर और बनाना का प्रोटीन शेक (प्रोटीन- 43.54 ग्राम)

सामग्री: पीनट बटर और बनाना का प्रोटीन शेक बनाने के लिए दो केले, दो बड़ी चम्मच पीनट बटर, दो कप बादाम वाली दही, आधा कप दूध, एक बड़ी चम्मच चिया बीज और कोको पाउडर की जरूरत पड़ेगी। बनाने की विधि: सबसे पहले एक ब्लेंडर में केला, दही, दूध और पीनट बटर एक साथ डालकर इसका चिकना और गाढ़ा स्मूद बना लें। अब इसे एक गिलास में डालें और इसमें चिया सीड्स डालकर ऊपर से कोको पाउडर छिड़क दें।

#4

बादाम और कोको प्रोटीन शेक (प्रोटीन- 12.92 ग्राम)

सामग्री: 10 बादाम, एक कप दूध या बादाम का दूध, दो बड़ी चम्मच कद्दूकस किया हुआ ताजा नारियल, एक छोटी चम्मच कोको पाउडर, एक चम्मच वनीला एक्सट्रेक्ट, एक चौथाई कप काजू का दूध और दो खजूर। बनाने की विधि: इसे बनाने के लिए सबसे पहले बादाम, नारियल, दूध और खजूर को एक साथ ब्लेंड कर लें। अब इसे एक गिलास में डालें और फिर इसमें काजू का दूध, कोको पाउडर और वनीला एक्सट्रेक्ट मिलाएं और सर्व करें।

#5

सोया मिल्क और स्ट्रॉबेरी प्रोटीन शेक (प्रोटीन- 24.72 ग्राम)

सामग्री: दो कप सोया मिल्क, आधा कप कटी हुई स्ट्रॉबेरी, एक बड़ी चम्मच पिसा हुआ बादाम, एक बड़ी चम्मच पिसे हुए खरबूजे के बीज, एक छोटी चम्मच कोको पाउडर। बनाने की विधि: इसे बनाने के लिए सबसे पहले ऊपर लिखी सभी सामाग्री को एक साथ ब्लेंडर में डालकर इसकी गाढ़ी स्मूदी बना लें। अब इसे एक गिलास में डाल दें और फिर इसमें कुछ बर्फ के टुकड़े डालें और सर्व करें।