हर नई दुल्हन के पास होने चाहिए सिर पर पहने जाने वाले ये 5 सुंदर आभूषण
क्या है खबर?
भारतीय महिलाओं का शादी का श्रृंगार बिना गहनों के अधूरा रहता है।
वे अपने लुक में चार-चांद लगाने के लिए हार, बालियां, कंगन, चूड़ियां, पायल और नथ जैसे जेवरात पहनती हैं, जो उन्हें किसी महारानी जैसा महसूस करवाते हैं।
पिछले कुछ सालों से महिलाएं सिर पर पहनने वाले जेवरों को भी चाव से पहनने लगी हैं, जिनमें बोरला से लेकर माथापट्टी तक, कई पीसेज शामिल होते हैं।
हर दुल्हन के पास सिर पर पहनने वाले ये गहने जरूर होने चाहिए।
#1
मांग टीका
दुल्हन के आभूषणों में मांग टीका बेहद अहम होता है, जो सिर पर पहना जाता है। इसमें आगे की ओर नग, मोती या रत्नों से सजी हुई लटकन लगी होती है और इसे चेन की मदद से बालों में लगाया जाता है।
भारत में कई अलग-अलग प्रकार के मांग टीके मिलते हैं, जिनमें से एक आप अपने लुक के मुताबिक चुन सकती हैं। आप राजस्थानी बोरला पहन सकती हैं, गुजराती दमानी ले सकती हैं या झूमर सजा सकती हैं।
#2
माथापट्टी
माथापट्टी शब्द 2 शब्दों से मिलकर बनता है, जिसमें 'माथा' का मतलब सिर और 'पट्टी' का मतलब पट्टा या बैंड होता है।
यह सिर पर सजाया जाने वाले गहना है, जो मुकुट के समान नजर आता है। इस आभूषण को पारंपरिक रूप से दक्षिण भारत या राजस्थान की दुल्हन पहनती हैं।
इसमें एक पतली चेन लगाई जाती है, जिससे एक बड़े आकार का पेंडेंट लटका होता है। साथ ही, इसके बीच-बीच में भी नग और मोती लगे होते हैं।
#3
झूमर
मुस्लिम महिलाओं के अपने खास जेवर होते हैं, जिनमें मांगटीके को खास महत्व दिया जाता है। मुस्लिम महिलाएं जो मांग टीका पहनती हैं, उसे झूमर या पासा कहा जाता है।
यह आम मांगटीकों से अलग होता है, क्योंकि इसे सिर के बीच में नहीं, बल्कि कोने में लगाया जाता है। आप झूमर को शरारे, गरारे या सूट आदि के साथ स्टाइल कर सकती हैं।
अपने बालों की साइड पार्टिंग करें और एक तरफ इसे लटकाएं।
#4
टोपर
बंगाली दुल्हन टोपर नाम का एक पारंपरिक गहना पहनती हैं, जो असल में एक मुकुट होता है। यह एक शंक्वाकार सिर का गहना होता है, जो बंगाली हिंदू विवाह समारोह के दौरान दूल्हे द्वारा भी पहना जाता है।
टोपोर आमतौर पर शोला से बना होता है और सफेद रंग का होता है। इसे सौभाग्य और खुशी का प्रतीक माना जाता है। इन दिनों कई दुल्हन शादी के दिन सोने या चांदी से बना टोपर भी पहनना पसंद करती हैं।
#5
चोटी में लगाने वाले जेवर
आज-कल की दुल्हन शादी के दिन बालों का जूड़ा बनाने से ज्यादा चोटी बनाना पसंद करती हैं। चोटी को सजाने के लिए वे इसपर लगाए जाने वाले जेवर पहनती हैं, जो इन दिनों बेहद ट्रेंड में हैं।
ये जेवर फूलों वाली डिजाइन समेत कई अन्य डिजाइन में आते हैं और इनमें नग, रत्न और मोती आदि लगे होते हैं।
आप इस आभूषण को त्योहारों या अन्य समारोहों के दौरान भी पहन सकती हैं, इसीलिए इसे खरीदना एक अच्छा निर्णय होगा।