Page Loader
होंठों से गंदगी दूर कर उन्हें मॉइस्चराइज करने में मदद कर सकते हैं ये 5 स्क्रब  

होंठों से गंदगी दूर कर उन्हें मॉइस्चराइज करने में मदद कर सकते हैं ये 5 स्क्रब  

लेखन अंजली
Mar 04, 2024
05:33 pm

क्या है खबर?

होंठों से गंदगी और मृत त्वचा कोशिकाओं को दूर करने और उन्हें मॉइस्चराइज रखने के लिए उन पर हफ्ते में 1-2 बार स्क्रब करना आवश्यक है। हालांकि, किसी विज्ञापन को देखकर या किसी के कहने पर बाजार से रसायन युक्त लिप स्क्रब खरीदने की गलती न करें, बल्कि घर में मौजूद सामग्रियों से खुद ही बनाएं। आइए आज हम आपको 5 तरह के लिप स्क्रब बनाने के तरीके बताते हैं, जो होंठों की देखभाल करने में मदद कर सकते हैं।

#1

चीनी और नारियल के तेल का स्क्रब

जहां चीनी होंठों को स्क्रब करती है, वहीं नारियल में मौजूद हाइड्रेटिंग गुण होंठों को नमी युक्त बनाए रख सकते हैं। लाभ के लिए एक चम्मच नारियल के तेल में एक चम्मच चीनी मिलाएं, फिर इस मिश्रण को अपने होंठों पर लगाकर धीरे-धीरे से मलें। इस लिप स्क्रब के उपयोग से होंठ मुलायम रहेंगे। साथ ही इसे बनाना काफी आसान है। यहां जानिए फटे होंठों को ठीक करने वाले स्क्रब

#2

शहद, नींबू और चीनी का स्क्रब

शहद, नींबू और चीनी के उपयोग से बना स्क्रब होंठों से रूखी त्वचा को हटाता है और उन्हें नमी प्रदान करता है। लाभ के लिए 2 चम्मच शहद, एक चम्मच चीनी और नींबू का रस मिलाकर इस मिश्रण से होंठों पर 3 मिनट तक धीरे-धीरे मालिश करें। इसके बाद इसे 5 मिनट तक लगा रहने दें, फिर पानी से धो लें। इसके उपयोग से आपके होंठ अधिक सुंदर और आकर्षित दिखेंगे।

#3

कोको पाउडर और बादाम के तेल का स्क्रब

बादाम के तेल में विटामिन- E होता है, जो होंठों को मुलायम और नमी युक्त बनाए रखने में मदद कर सकता है। कोको पाउडर एक बेहतरीन एक्सफोलिएटर है, जो होंठों को मोटा कर सकता है, इसलिए दोनो सामग्रियां लिप स्क्रब के लिए बेहतरीन हैं। लाभ के लिए दोनों सामग्रियों बराबर मात्रा में मिलाकर होंठों पर 5 से 8 मिनट तक मलें, फिर उन्हें पानी से धो लें। यहां जानिए कोको पाउडर के फायदे

#4

पेट्रोलियम जेली और नींबू का स्क्रब

इस स्क्रब से होंठों पर निखार आने के साथ-साथ वे मुलायम भी होंगे। लाभ के लिए सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच चीनी, एक चम्मच पेट्रोलियम जेली और एक चम्मच नींबू के रस को अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को कुछ मिनट तक हल्के-हल्के हाथों से अपने होंठों पर लगाएं। अंत में एक वेट वाइप से अपने होंठों को पोंछ लें या गुनगुने पानी से होंठों को धो लें।

#5

विभिन्न तेल और चीनी का स्क्रब

यह स्क्रब होंठों में ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाकर उन्हें आकर्षित बनाता है। इसके लिए सबसे पहले एक कटोरी में 2 चम्मच जैतून का तेल और 2 चम्मच चीनी मिलाएं। इसके बाद इसमें 8-10 बूंद पुदीने का तेल और आधी चम्मच अंगूर के बीज का तेल मिलाएं। अब इस स्क्रब को कुछ मिनट तक अपने होंठों पर सर्कुलर मोशन में लगाएं और फिर होंठों को गुनगुने पानी से धो लें।