Page Loader
दुर्गा पूजा की धूम देखने के लिए इन 5 जगहों का करें रुख
दुर्गा पूजा के अवसर पर इन जगहों का करें रुख

दुर्गा पूजा की धूम देखने के लिए इन 5 जगहों का करें रुख

लेखन अंजली
Oct 11, 2023
02:55 pm

क्या है खबर?

दुर्गा पूजा भारत में मनाए जाने वाले सबसे प्रसिद्ध हिंदू त्योहारों में से एक है। इसे बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक माना जाता है। इस साल यह त्योहार 20 से 24 अक्टूबर को है। इस 5 दिवसीय त्योहार को देश के विभिन्न राज्यों में भरपूर उत्साह और उमंग से मनाया जाता है। आइए आज हम आपको उन 5 जगहों के बारे में बताते हैं, जहां दुर्गा पूजा की धूम आपका मनमोह सकती है।

#1

कोलकाता (पश्चिम बंगाल)

कोलकाता दुर्गा पूजा को बहुत उत्साह के साथ मनाने के लिए जाना जाता है। यहां दुर्गा पूजा समारोह के दौरान आप देश के कुछ बेहतरीन पंडाल देख पाएंगे, जिनमें स्वादिष्ट व्यंजन परोसने वाले स्टॉल और बहुत कुछ शामिल होता है। इसी तरह पूजा समारोह के दौरान पूरे शहर का उत्सवी रूप अद्भुत लगता है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप किस समय अपने घर से बाहर जा रहे हैं, आप इन दिनों में हमेशा अपने आस-पास रोनक ही पाएंगे।

#2

मुंबई (महाराष्ट्र)

दुर्गा पूजा का आनंद लेने के लिए मुंबई भारत में शीर्ष स्थानों में से एक है। यहां दुर्गा पूजा का चलन बंगालियों द्वारा शुरू किया गया था, जो पूजा के दौरान अपने घर पश्चिम बंगाल जाने का प्रबंध नहीं कर पाते थे, इसलिए उन्होंने कोलकाता की तरह ही मुंबई में भी पंडाल बनवाकर दुर्गा पूजा की शुरुआत की। इन 5 दिनों में आप कई मशहूर हस्तियों को पंडालों में आते हुए देख सकते हैं।

#3

गुवाहाटी (असम) 

असम के लगभग सभी क्षेत्रों में दुर्गा पूजा मनाई जाती है और अगर आप इस बार पूर्वोत्तर जाने के इच्छुक हैं तो गुवाहाटी जाएं। इसका कारण है कि यहां पर अलग-अलग थीम पर बहुत ही खूबसूरती से दुर्गा पूजा पंडाल लगाए जाते हैं। इसके बाद यदि आपके पास अतिरिक्त समय है तो आप अन्य क्षेत्रों का भी दौरा कर सकते हैं क्योंकि यहां पर कोलकाता की तरह ही त्योहार को बहुत उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाता है।

#4

पटना (बिहार)

बिहार की राजधानी पटना भी दुर्गा पूजा के जश्न का आनंद लेने के लिए बेहतरीन जगह है। पटना का दुगरा पूजा पंडाल सजावट के लिए बहुत प्रसिद्ध है। यहां पर संगीत समारोहों के लिए कोलकाता और दिल्ली जैसे अन्य शहरों से भी कलाकारों को बुलाया जाता है। जब आप दुर्गा पूजा के लिए पटना में हों तो यहां के स्वादिष्ट स्ट्रीट फूड का स्वाद चखना और स्ट्रीट शॉपिंग करना न भूलें।

#5

दिल्ली

अगर आप दिल्ली में रहते हैं या इसके आस-पास हैं तो दुर्गा पूजा का हिस्सा बनने के लिए तैयार हो जाइए। इसके लिए आप चित्तरंजन पार्क जा सकते हैं, जो आपको कोलकाता की दुर्गा पूजा का अनुभव देगा। इसके अलावा सफदरजंग एन्क्लेव का दुर्गा पूजा पंडाल भी काफी प्रसिद्ध है। इसके अलावा सदियों पुरानी दुर्गा पूजा अनुष्ठानों का आनंद लेने के लिए कश्मीरी गेट दुर्गा पूजा पंडाल या तिमारपुर और सिविल लाइंस पंडालों का रुख करें।