Page Loader
गर्मियों में बनाकर पीएं ये 5 स्वादिष्ट लस्सी, आसान है इनकी रेसिपी
5 स्वादिष्ट लस्सी की रेसिपी

गर्मियों में बनाकर पीएं ये 5 स्वादिष्ट लस्सी, आसान है इनकी रेसिपी

लेखन अंजली
May 11, 2023
06:46 pm

क्या है खबर?

लस्सी को गर्मियों का सबसे पसंदीदा पेय माना जाता है। दही से बनाई जाने वाली लस्सी का सेवन न सिर्फ शरीर को ठंडक प्रदान करता है, बल्कि इससे कई तरह के अन्य स्वास्थ्य लाभ भी मिल सकते हैं। हालांकि, अगर आप सामान्य लस्सी में थोड़ा ट्विस्ट चाहते हैं तो आइए आज हम आपको 5 स्वादिष्ट लस्सी की रेसिपी बताते हैं। घर पर ये लस्सी अलग-अलग स्वाद में कुछ ही मिनटों में तैयार की जा सकती हैं।

#1

पुदीने की लस्सी 

लस्सी भारत में गर्मियों के दौरान सबसे अधिक पिए जाने वाले पेय में से एक है। इसका सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने के साथ हाइड्रेट रखने में भी मदद कर सकता है। पुदीने की लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सी में नमक, पुदीने की पत्तियां और ताजा दही डालकर अच्छे से फेंटे। इसके बाद गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़े डालकर उसमें लस्सी डालें और फिर ठंडी-ठंडी पुदीने की लस्सी का आनंद लें।

#2

एवोकाडो की लस्सी

एवोकाडो लस्सी में कई तरह के विटामिन्स और मिनरल्स समेत फाइबर की उच्च मात्रा होती है। यह पाचन क्रिया को सुधारने में अहम भूमिका निभा सकती है। इसे बनाने के लिए एक मिक्सी में एवोकाडो का गूदा, थोड़ा पुदीना, भूना हुआ जीरा और काला नमक डालकर अच्छे से फेंटे। इसके बाद गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़ों के साथ उसमें लस्सी डालें और फिर इसका सेवन करें।

#3

गुलाब की लस्सी

यह स्वादिष्ट लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले मिक्सी में कुछ गुलाब की पंखुड़ियों और मीठे पानी को डालकर अच्छे से फेंट लें। जब मिश्रण का पेस्ट बन जाए तो इसमें थोड़ा गुलकंद और मट्ठा दही डालकर मिक्सी को दोबारा चलाएं। इसके बाद लस्सी को गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़ों के साथ डालें और इसके ऊपर कुछ गुलाब की पंखुड़ियां गार्निश करके इसे परोसें। गुलाब के इन 5 व्यंजनों को भी ट्राई करें।

#4

आम की लस्सी

इसे बनाने के लिए सबसे पहले आम को धोकर छिलें और फिर इसे टुकड़ों में काटकर उन्हें मिक्सी में फेंट लें। इसके बाद मिक्सी में दही, चीनी और थोड़ा पानी डालकर अच्छे से सभी चीजों को फिर से फेंटे। अब इस मिश्रण को एक बड़े गिलास में कुछ बर्फ के टुकड़ों के साथ डालें और इस पर सूखे मेवे और आम के कुछ टुकड़े गार्निश करते हुए परोसें। आम पसंद है तो इन 5 रेसिपी को भी आजमाएं।

#5

स्ट्रॉबेरी लस्सी

अगर आपके परिवार में किसी को स्ट्रॉबेरी पसंद है तो उसे गर्मियों के दौरान इसकी लस्सी बनाकर जरूर पिलाएं। स्ट्रॉबेरी लस्सी बनाने के लिए एक मिक्सी में चीनी, पानी और दही डालकर अच्छे से फेंटे। इसके बाद इसे एक लंबे गिलास में स्ट्रॉबेरी प्यूरी और कुछ बर्फ के टुकड़ों के साथ डालकर अच्छी तरह मिलाएं। अंत में इस पर स्ट्रॉबेरी के टुकड़े डालकर इसे ठंडा-ठंडा परोसें। स्ट्रॉबेरी से इन 5 स्वादिष्ट व्यंजनों को भी बनाएं।