Page Loader
बिहार: यूट्यूबर मनीष कश्यप ने किया सरेंडर, श्रमिकों पर हमले के फर्जी वीडियो शेयर किए थे
यूट्यूबर और पत्रकार मनीष कश्यप के खिलाफ बिहार और तमिलनाडु पुलिस ने केस दर्ज किए थे (तस्वीर- ट्विटर/@Ajit_Soni_)

बिहार: यूट्यूबर मनीष कश्यप ने किया सरेंडर, श्रमिकों पर हमले के फर्जी वीडियो शेयर किए थे

लेखन आबिद खान
Mar 18, 2023
12:55 pm

क्या है खबर?

विवादों में चल रहे बिहार के पत्रकार और यूट्यूबर मनीष कश्यप ने बेतिया के जगदीशपुर थाने में सरेंडर कर दिया है। मनीष पर तमिलनाडु में बिहारी श्रमिकों पर हमले के फर्जी वीडियो शेयर करने के आरोप हैं। इस मामले में मनीष पर तमिलनाडु और बिहार पुलिस ने केस दर्ज किए थे और तलाश में जुटी थी। बता दें कि आज सुबह ही बिहार पुलिस की टीम मनीष कश्यप के घर की कुर्की करने पहुंची थी।

मामला

क्या है फेक वीडियो शेयर करने का मामला?

मनीष ने तमिलनाडु में बिहार के मजदूरों पर हमले के फर्जी वीडियो शेयर किए थे। पुलिस जांच में पता चला कि मनीष द्वारा शेयर किया गया एक वीडियो किसी की आत्महत्या का है। इसी तरह दूसरा वीडियो बिहार और झारखंड के दो लोगों के बीच व्यक्तिगत विवाद का है और इसका प्रवासी श्रमिकों से कोई संबंध नहीं है। इसके बाद पुलिस ने मनीष कश्यप, अमन कुमार, राकेश तिवारी और युवराज सिंह राजपूत के खिलाफ केस दर्ज किया था।

ट्विटर पोस्ट

बिहार पुलिस ने ट्विटर कर मनीष कश्यप के सरेंडर की जानकारी दी 

मामले

मनीष के खिलाफ दर्ज हैं कई मामले

मनीष कश्यप पर पटना में 3 FIR दर्ज हैं। इनमें से 2 केस आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने दर्ज किए हैं। ये मामले तमिलनाडु में प्रवासी श्रमिकों से जुड़े फेक वीडियो बनाने को लेकर दर्ज किए गए हैं। तीसरा मामला अपनी गिरफ्तारी की झूठी खबर फैलाने को लेकर दर्ज किया गया है। पश्चिम चंपारण में भी मनीष पर कुल 7 मामले दर्ज हैं। इनमें से एक मामले में पुलिस मनीष की संपत्ति कुर्क करने के लिए आज सुबह पहुंची थी।

बैंक खाते

EOW ने फ्रीज किए थे मनीष के बैंक खाते

इससे पहले EOW ने बुधवार को मनीष कश्यप के चार बैंक खातों में जमा 42 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया था। EOU को मनीष के SBI के खाते में 3,37,496 रुपये, IDFC के खाते में 51,069 रुपये, HDFC के खाते में 3,37,463 रुपये और सच तक फाउंडेशन के HDFC के खाते में 34,85,909 रुपये मिले थे। पुलिस को मनीष के खिलाफ वित्तीय गड़बड़ी करने के भी सबूत मिले थे, उसके बाद ये कार्रवाई की गई।

मनीष कश्यप

कौन हैं मनीष कश्यप?

मनीष कश्यप का असली नाम त्रिपुरारी कुमार तिवारी है और वो खुद को 'सन ऑफ बिहार' यानी बिहार का बेटा बताता है। मनीष का जन्म 9 मार्च, 1991 को बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के डुमरी महनवा गांव में हुआ था। साल 2020 में मनीष ने बिहार की चनपटिया विधानसभा सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मनीष के पिता उदित कुमार तिवारी भारतीय सेना में रह चुके हैं।