
तहव्वुर राणा को लाने के लिए गल्फस्ट्रीम G550 विमान का क्यों किया गया इस्तेमाल? जानें खासियत
क्या है खबर?
मुंबई आतंकी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा को 10 अप्रैल को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया गया है। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के जवान विशेष चार्टर्ड गल्फस्ट्रीम G550 विमान से राणा को लेकर आए।
ये विमान अमेरिकी समयानुसार सुबह 2.15 बजे मियामी, फ्लोरिडा से रवाना हुआ और शाम 7 बजे रोमानिया में उतरा। यहां 11 घंटे रुकने के बाद विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी।
आइए जानते हैं कि राणा को इस विमान से क्यों लाया गया।
विमान
कैसा है गल्फस्ट्रीम G550 विमान?
गल्फस्ट्रीम G550 का इस्तेमाल आमतौर पर हाई-प्रोफाइल राजनयिक या व्याव्सायिक उड़ानों के लिए किया जाता है। सबसे खास बात है कि ये बिना रुके लंबी दूरी की उड़ान भर सकता है, जो इसे अंतरमहाद्विपीय यात्रा के लिए सबसे मुफीद बनाता है।
इसे अमेरिकी कंपनी गल्फस्ट्रीम एयरोस्पेस ने बनाया है और ये G500 का उन्नत संस्करण है। इसमें बेहतर तकनीक, लंबी दूरी तक उड़ान भरने की क्षमता और सुरक्षा के सभी इंतजाम हैं।
विमान ने पहली उड़ान 2003 में भरी थी।
खासियत
क्या है खासियत?
ये एक बार में करीब 12,000 किलोमीटर लंबी उड़ान भर सकता है।
इसमें 2 रोल्स रॉयस BR710-C4-11 टर्बोफैन इंजन लगे हुए हैं, जिनकी मदद से ये अधिकतम 1,092 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 51,000 फीट की ऊंचाई तक उड़ सकता है।
ये अपने साथ 19 लोग और अधिकतम 41,000 किलोग्राम वजन लेकर उड़ान भर सकता है।
इसके अलग-अलग संस्करण है और शुरुआती कीमत करीब 500 करोड़ रुपये से शुरू होती है।
पाकिस्तान
राणा को लाते समय पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से नहीं गुजरा विमान
इंडिया टुडे के मुताबिक, विमान ने राणा को अमेरिका से दिल्ली लाते समय पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से गुजरने से परहेज किया। इसके बजाय विमान लंबे रास्ते से होते हुए भारत आया।
वहीं, लौटते समय विमान पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र से होकर गुजरा।
पुलवामा हमले के बाद भारत-पाकिस्तान ने कुछ समय के लिए एक-दूसरे के हवाई क्षेत्रों का इस्तेमाल करना बंद कर दिया था।
बीते साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विमान पोलैंड से लौटते समय पाकिस्तानी वायुक्षेत्र से गुजरा था।
हिरासत
18 दिन तक NIA की हिरासत में है राणा
राणा को दिल्ली के पालम हवाई अड्डे से सीधे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) मुख्यालय ले जाया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच राणा को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया।
कोर्ट ने राणा को 18 दिन के लिए NIA की हिरासत में भेज दिया है। आज NIA ने करीब डेढ़ घंटे तक राणा से पूछताछ की है।
बताया जा रहा है कि NIA की टीम को दिन में 2 बार राणा से पूछताछ की इजाजत मिली है।