
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ कौन है और कैसे रहा साजिश में शामिल?
क्या है खबर?
आज सुबह खबर आई कि अमेरिका के कैलिफॉर्निया में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कथित मास्टरमाइंड गोल्डी बराड़ को हिरासत में लिया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस खबर की पुष्टि की है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) जल्द ही उसे भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है।
आइये जानते हैं कि कैसे स्टूडेंट वीजा पर कनाडा जाने वाला गोल्डी बराड़ कुख्यात अपराधी बन गया।
जानकारी
सतिंदरजीत सिंह है गोल्डी बराड़ का असली नाम
गोल्डी बराड़ का असली सतिंदरजीत सिंह है और उसका जन्म पंजाब के श्रीमुक्तसर साहिब जिले में हुआ था। 1994 में पैदा हुआ गोल्डी 2017 में स्टूडेंट वीजा पर कनाडा गया था। वहां रहते हुए वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग के संपर्क में आया और धीरे-धीरे वह उसका करीबी बन गया।
पंजाब पुलिस की चार्जशीट के अनुसार, गोल्डी ने लॉरेंस बिश्नोई, जग्गू भगवानपुरिया और अन्य के साथ मिलकर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की साजिश रची थी।
जानकारी
गोल्डी बराड़ ने ली थी हत्या की जिम्मेदारी
29 मई को सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद गोल्डी बराड़ ने इसकी जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने इस हत्याकांड में 36 आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की थी। इनमें से गोल्डी बराड़ समेत 24 आरोपियों के नाम चार्जशीट में शामिल हैं।
आरोप
कैसे साजिश में शामिल रहा गोल्डी बराड़?
पंजाब पुलिस की चार्जशीट में गोल्डी बराड़ को मास्टरमाइंड करार देते हुए लिखा गया है कि उसने मूसेवाला की सुरक्षा हटाने की जानकारी हमलावरों को दी थी। 28 मई को अस्थायी तौर पर मूसेवाला की सुरक्षा वापस ली गई और अगले ही दिन गोली मारकर गायक की हत्या कर दी गई थी।
गोल्डी पर हत्या में इस्तेमाल हथियार, गाड़ी, पैसा, फोन, सिम कार्ड और दूसरे सामान का इंतजाम करने का आरोप है।
जानकारी
क्या था गोल्डी का मकसद?
कथित तौर पर गोल्डी बराड़ ने युवा अकाली नेता विक्की मिद्दूखेड़ा की हत्या का बदला लेने के लिए मूसेवाला की हत्या करवाई थी। मिद्दूखेड़ा की हत्या में मूसेवाला के मैनेजर शगनप्रीत सिंह का नाम आया था।
जांच
गोल्डी बराड़ के खिलाफ जारी हो चुका है रेड कॉर्नर नोटिस
कनाडा में रह रहे गोल्डी बराड़ के खिलाफ इंटरपोल ने इसी साल जून में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। दो पुराने मामलों में पंजाब पुलिस के निवेदन पर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने की मांग की थी।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मूसेवाला की हत्या में शामिल आरोपियों लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बराड़, विक्रम बराड़ आदि के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया था।
जानकारी
कौन है लॉरेंस बिश्नोई?
लॉरेंस बिश्नोई पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर है और उसके खिलाफ दिल्ली और राजस्थान समेत कई राज्यों में केस दर्ज हैं। उसने पंजाब यूनिवर्सिटी से LLB की है और यहीं से वो गैरकानूनी गतिविधियों में लिप्त होना शुरू हुआ।
12 फरवरी, 1993 को पंजाब के फिरोजपुर में जन्मे बिश्नोई के पिता हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल थे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, उसके गैंग में 700 लोग हैं जो कई देशों में फैले हैं।