Loading...
जम्मू-कश्मीर में 2 SPO के शव मिले; ये कौन होते हैं, कैसे होती है नियुक्ति?
जम्मू-कश्मीर में 2 SPO के गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए हैं (फाइल तस्वीर)

जम्मू-कश्मीर में 2 SPO के शव मिले; ये कौन होते हैं, कैसे होती है नियुक्ति?

लेखन आबिद खान
Nov 12, 2026
06:47 pm

क्या है खबर?

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के जंगलों में जम्मू-कश्मीर पुलिस के 2 विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) के शव मिले हैं। ये दोनों अधिकारी 11 नवंबर की शाम अपने हथियारों के साथ लापता हो गए थे। तब दोनों सेना के साथ गश्ती अभियान पर गए हुए थे। आज इनके शव मिले हैं, जिन पर कई गोलियों के निशान हैं। दोनों के हथियार भी गायब हैं। आइए जानते हैं जम्मू-कश्मीर पुलिस में SPO कौन होते हैं।

SPO

कौन होते हैं SPO?

SPO वे स्थानीय अधिकारी होते हैं, जिन्हें पुलिस की मदद के लिए नियुक्त किया जाता है। इन्हें खासतौर पर तब नियुक्त किया जाता है, जब मौजूदा पुलिस बल किसी स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त न हो।

आतंकवादी प्रभावित इलाकों में सुरक्षाबलों की मदद करना इनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

चूंकि, ये लोग स्थानीय होते हैं इसलिए आतंकियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाना या अभियानों में मदद करने जैसे कामों में अहम भूमिका निभाते हैं।

जम्मू-कश्मीर

सेना देती है प्रशिक्षण

जम्मू-कश्मीर में SPO की व्यवस्था साल 1995 में शुरू हुई थी। आमतौर पर इन्हें अस्थायी, मानदेय-आधारित व्यवस्था पर नियुक्त किया जाता है।

ये कानून व्यवस्था बनाए रखने और आतंकवाद विरोधी अभियानों में शामिल होते हैं। इन्हें सेना द्वारा हथियार चलाने का प्रशिक्षण दिया जाता है।

आमतौर पर ग्राम रक्षा समितियों में 2 SPO को रखा जाता है, ताकि दूरदराज के इलाकों में, जहां सुरक्षा बलों को पहुंचने में समय लगता है, वहां ये जल्दी पहुंच जाते हैं।

ADVERTISEMENT

नियुक्ति

कैसे होती है नियुक्ति?

SPO नियमित पुलिस कॉन्स्टेबल नहीं होते हैं। इनकी नियुक्ति और सेवा शर्तें पुलिस से अलग होती है।

पुलिस अधिनियम, 1861 के तहत, कम से कम इंस्पेक्टर रैंक का एक पुलिस अधिकारी दंगे, हिंसा, सार्वजनिक अशांति या शांति भंग होने के खतरे की स्थिति में स्थानीय निवासियों को SPO के रूप में नियुक्त करने के लिए मजिस्ट्रेट से संपर्क कर सकता है।

किन्हीं खास परिस्थितियों को छोड़कर आमतौर पर मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारी द्वारा भेजी गई सिफारिश को मंजूरी दे देते हैं।

ADVERTISEMENT

जिम्मेदारी

कितना होता है वेतन?

नियुक्ति के बाद SPO को नियमित पुलिस अधिकारियों के समान अधिकार और जिम्मेदारियां दी जाती हैं। उन्हें पुलिस के निर्देशों का पालन करना, अपने निर्धारित कर्तव्यों का निर्वाह करना और पुलिस अधिकारियों की देखरेख में काम करना होता है।

नए SPO को हर महीने 12,000 रुपये, 5 साल पूरे करने पर 18,000 रुपये महीना, 10 साल पूरे करने पर 24,000 रुपये महीना और 15 साल से इससे ज्यादा की सेवा पूरी होने पर 30,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलता है।

गायब

ड्यूटी खत्म कर लौट रहे थे दोनों SPO

मारे गए SPO की पहचान रशपाल कुमार और बाबी चंद के रूप में हुई है। दोनों कियार कैंप से राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थायी ऑपरेटिंग बेस (TOB) पर ड्यूटी खत्म करने के लिए धरना-मरवाह में सैन्य पोस्ट जा रहे थे।

उनके पास 60 राउंड वाली एक इंसास राइफल और 50 राउंड वाली एक 303 राइफल थी, जो गायब है।

बताया जा रहा है कि इलाके में गोली चलने की आवाज भी सुनी गई थी।

ADVERTISEMENT