जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में लापता 2 SPO के गोलियों से छलनी शव मिले, हथियार गायब
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में तैनात 2 स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) का गुरुवार को गोलियों से छलनी शव मिला है। वे बुधवार दोपहर से गायब थे। उनकी पहचान बाबी चंद (57) और ऋषिपाल कुमार (45) के रूप में हुई है। दोनों दच्छन के कियार गांव में तैनात थे। दोनों तब गायब हुए, जब जिले से दूर दच्छन-मारवाह में सेना के साथ गश्त कर रहे थे। आतंकवादियों को पकड़ने के लिए बड़ा खोज ऑपरेशन शुरू किया गया है।
अभियान
दोनों के मोबाइल थे बंद, हथियार गायब
बाबी और ऋषिपाल कियार कैंप से राष्ट्रीय राइफल्स के अस्थायी ऑपरेटिंग बेस (TOB) पर ड्यूटी खत्म करने के लिए धरना-मरवाह में सैन्य पोस्ट जा रहे थे, तभी बीच से लापता हो गए।
वे गंतव्य तक नहीं पहुंचे। पहले उनके मोबाइल ऑन थे, लेकिन बाद में बंद हो गए। घटना के समय इलाके में एयरटेल सेवा में भी बाधा आई, जो मार्च में इस इलाके में शुरू हुई है।
दोनों के शवों के साथ हथियार नहीं थे। वे गायब हैं।
गोलीबारी
इलाके में सुनी गई थी गोलीबारी की आवाज
दोनों को खोजने के लिए मुश्किल और पहाड़ी जंगली इलाकों समेत आस-पास के इलाकों में सिक्योरिटी टीमों को तैनात किया गया था।
बताया जा रहा है कि उनको ढूंढने के दौरान इलाके में गोलियों की आवाज भी सुनी गई हैं, जिससे पुलिस को पहले ही आतंकी घटना का शक हो गया था।
पिछले साल अक्टूबर में SPO बशीर अहमद किश्तवाड़ के त्रिगाम से गायब हुए थे और अगले दिन उनका शव जंगल में नाले के पास मिला था।
अलर्ट
आतंकी हमले के बाद अलर्ट
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) पोस्ट पर आतंकी हमले के बाद अलर्ट बढ़ा दी गई है और इस बीच 2 जवानों के लापता होने से चिंता बढ़ी है।
बता दें कि कुलगाम में, दो हथियारों से लैस आतंकवादी पेड़ों के घने झुंड से निकले और मीर बाजार के पास CRPF पोस्ट पर गोलीबारी की, जिसमें 3 जवान घायल हो गए।
घटना केबाद किश्तवाड़ पुलिस हाई अलर्ट पर है।
चुनौती
किश्तवाड़ में मिल रही चुनौती
किश्तवाड़ में लगातार चल रहे काउंटर-इंसर्जेंसी ऑपरेशन के बीच सुरक्षा बलों को चुनौती मिली है। यहां मुश्किल पहाड़ी इलाकों में आतंक खत्म करने पर काम चल रहा है।
इलाके के घने जंगल और दूर-दराज की बस्तियां, आतंकी गतिविधि ट्रैक करने और तलाशी अभियान में मुश्किलें खड़ी होती रहती हैं।
इस साल किश्तवाड़ में आतंकवादी घटनाओं में 5 जान गई है, जिसमें 4 आतंकवादी और एक जवान शामिल है। 2024 में 3 जवान और 2 आम नागरिक मारे गए थे।