
श्रीनगर-दिल्ली इंडिगो विमान कैसे टर्बुलेंस में फंसा और पाकिस्तान से किस बात की मांगी थी अनुमति?
क्या है खबर?
दिल्ली से श्रीनगर जा रहा इंडिगो का एक विमान 21 मई को भयंकर तूफान (टर्बुलेंस) और ओलावृष्टि की चपेट में आ गया था। इससे विमान की बॉडी को काफी नुकसान पहुंचा है।
टर्बुलेंस के दौरान घबराए यात्रियों का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें डर का माहौल देखा जा सकता है।
इस दौरान पायलट ने विमान को पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में ले जाने की अनुमति भी मांगी थी, जो पाकिस्तान ने नहीं दी।
आइए पूरा घटनाक्रम जानते हैं।
विमान
विमान में 227 यात्री थे सवार
21 मई को इंडियो की विमान संख्या 6E 2142 दिल्ली से श्रीनगर जा रही थी। इसमें 227 यात्री सवार थे।
विमान भारत-पाकिस्तान सीमा के करीब पठानकोट के पास करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी मौसम खराब हो गया। तेज आंधी और ओले गिरने लगे। इससे विमान भयानक टर्बुलेंस का शिकार हो गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि विमान के केबिन में रखा सामान गिरने लगा।
पाकिस्तान
पायलट ने पाकिस्तानी वायु क्षेत्र में जाने की मांगी थी अनुमति
पायलट के मुताबिक, टर्बुलेंस में घिरने पर उसने भारतीय वायुसेना ने अंतरराष्ट्रीय सीमा की तरफ मुड़ने की अनुमति मांगी थी, जिसे मना कर दिया गया।
इसके बाद पायलट ने लाहौर ATC से संपर्क कर कुछ समय के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में आने की अनुमति मांगी। पाकिस्तान ने भी अनुमति नहीं दी।
इसके बाद पायलट ने विमान को वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे तूफान में घिर चुके थे। इसलिए विमान को श्रीनगर हवाई अड्डे ले जाया गया।
गति
एक मिनट में 8,500 फीट नीचे आया विमान
तूफान में फंसने के बाद विमान में आपातकाल घोषित कर दिया गया था। विमान पहले ऊपर गया फिर तेजी से नीचे आने लगा। इस दौरान एक मिनट में विमान 8,500 फीट नीचे आ गया।
पूरे घटनाक्रम में सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित रहे, लेकिन विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इसके बावजूद विमान ने सुरक्षित लैंडिंग की।
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) इस घटना की जांच कर रहा है।
बयान
विमान में सांसद समेत TMC के 5 नेता सवार थे
विमान में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 5 नेता-डेरेक ओ ब्रायन, नदिमुल हक, सागरिका घोष, मानस भुनिया और ममता ठाकुर भी सवार थे।
लैंडिंग के बाद TMC सांसद सागरिका घोष ने कहा, "मुझे लग रहा था कि मौत करीब है। जिंदगी खत्म हो गई है। लोग चीख रहे थे, प्रार्थना कर रहे थे। उस पायलट को सलाम, जिसने हम सबकी जान बचाई। विमान उतरा तो हमने देखा कि उसकी नोज टूट चुकी थी।"
इंडिगो
घटना पर इंडिगो का क्या कहना है?
घटना के बाद इंडिगो ने एक बयान में कहा, "फ्लाइट 6E 2142 को रास्ते में अचानक ओलावृष्टि का सामना करना पड़ा था। फ्लाइट और केबिन क्रू ने तय मानकों का पालन किया और फ्लाइट की श्रीनगर में सुरक्षित लैंडिंग कराई। सभी यात्री सुरक्षित हैं। किसी के घायल होने की खबर नहीं है। श्रीनगर में अभी फ्लाइट की जांच और मेनटेनेंस का काम चल रहा है। मंजूरी मिलने के बाद संचालन फिर से शुरू हो जाएगा।"
पाकिस्तान
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए बंद कर रखा है हवाई क्षेत्र
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव जारी है।
24 अप्रैल को पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर दिया था। ये प्रतिबंध 23 मई को खत्म हो रहा था। हालांकि, अब पाकिस्तान ने इसे एक महीने और बढ़ा दिया है।
भारत ने भी पहले पाकिस्तानी विमानों के लिए 23 मई तक एयरस्पेस बंद कर रखा था, जिसे आज बढ़ाकर 23 जून तक कर दिया गया है।