3 घंटे घेराबंदी, वीडियो कॉल और आत्मसमर्पण की अपील; कैसे मारा गया आतंकी लतीफ भट?
क्या है खबर?
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने आतंकी लतीफ भट को मार गिराया है। 11 नवंबर को CRPF की चौकी पर हुई गोलीबारी के बाद उसकी तलाश तेज थी। जवानों ने आज उसे जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में घेर लिया था। इस दौरान जवानों ने उससे वीडियो कॉल पर बात की और आत्मसमर्पण करने को कहा। इनकार करने के बाद सुरक्षाबलों के अभियान में लतीफ मारा गया। आइए समझते हैं सुरक्षाबलों ने उसका पीछा कैसे किया।
पीछा
2 दिन से लतीफ का पीछा कर रहे थे सुरक्षाबल
CRPF चौकी पर हुए हमले में लतीफ के साथ उसका साथी उमर निसार डार भी था। 16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में सुरक्षाबलों ने दोनों को घेर लिया था। इस दौरान उमर मारा गया और लतीफ के पैर में गोली लगी लेकिन वो भाग गया।
इसके बाद पूरे इलाके में 2 दिन से अभियान चलाया जा रहा था। सुरक्षाबलों को जानकारी मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है।
पकड़ाना
कैसे पकड़ा गया लतीफ?
न्यूज18 के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों ने तकनीकी खुफिया जानकारी, पहले की गतिविधियों के पैटर्न और दूसरी जानकारी का विश्लेषण कर लतीफ के व्यवहार को समझा।
जांचकर्ताओं को पता चला कि वो गैर-जरूरी यात्रा से बचता था और सूर्यास्त के बाद स्थानीय मस्जिदों या सुनसान सरकारी इमारतों में रुकता था।
ये बात भी पता चली कि वह हमला करने के फौरन बाद कुलगाम और शोपियां स्थित अपने ठिकानों पर नहीं लौटता था।
योजना
बेहद बारीकी से बनाई गई अभियान की योजना
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इस अभियान में कई सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे। रोजाना 4 से 5 बैठकें कर अभियान की योजना बनाई जाती थीं, जिनमें कोर कमांडर, महानिरीक्षक स्तर के अधिकारी और CRPF अधिकारी सहित वरिष्ठ नेतृत्व हिस्सा लेता था।
आतंकी मस्जिद में छिपा था, जिसने स्थिति को और संवेदनशील बना दिया था। इसी वजह से सुरक्षाबलों ने विशेष संयम बरता और निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया।
वीडियो कॉल
वीडियो कॉल पर की गई आत्मसमर्पण की अपील
कुलगाम SSP अनायत अली ने बताया कि सुरक्षाबलों ने लतीफ को आत्मसमर्पण करने के लिए मनाने की कोशिश की। खुद SSP ने 9 राष्ट्रीय राइफल्स के कमांडिंग ऑफिसर के साथ वीडियो कॉल पर लतीफ से बात की और हथियार डालने का आग्रह किया।
हालांकि, लतीफ ने आत्मसमर्पण करने से इनकार कर दिया और मस्जिद में घुस गया और सुरक्षाबलों पर गोलीबारी की। इसके बाद जवाबी गोलीबारी में लतीफ मारा गया।
बयान
SSP बोले- हमने उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने की बहुत कोशिश की
SSP अनायत ने कहा, "मैंने खुद उससे वीडियो कॉल पर बात की। हमने उसे आत्मसमर्पण के लिए मनाने की बहुत कोशिश की, उसे बताया कि वह अभी जवान है और उसके सामने पूरी जिंदगी पड़ी है। वह नहीं माना और एक मस्जिद में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी।"
लतीफ के मारे जाने से पहले उन्होंने कहा, "हम SOPs का सख्ती से पालन कर रहे हैं और मस्जिद को कम से कम नुकसान हो, इसके लिए संयम बरत रहे हैं।"
गृह मंत्री
गृह मंत्री ने की जवानों की तारीफ
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, 'जम्मू-कश्मीर पुलिस, भारतीय सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के आपसी तालमेल से चलाए गए अभियान में कुलगाम में लश्कर के घाटी में मौजूद आखिरी सक्रिय स्थानीय आतंकवादी लतीफ को मार गिराया गया। एक दिन पहले कुलगाम में ही उसके एक साथी आतंकवादी उमर निसार को भी मार गिराया गया था। इस पूरे अभियान में बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। देश जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना, CRPF और खुफिया एजेंसियों के बहादुर जवानों को सलाम करता है।'