अमेरिकी विदेश मंत्री बोले- अमेरिका के टैरिफ और वीजा प्रतिबंधों का निशाना भारत नहीं
क्या है खबर?
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए टैरिफ और अमेरिकी वीजा प्रतिबंधों को लेकर भारत की चिंताओं को दूर करने की कोशिश करते हुए कहा कि ये कदम 'भारत को दंडित करने' के लिए नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि रूसी तेल खरीदने वाले देशों को 100 प्रतिशत तक टैरिफ वाला कदम भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित कर सकता है।
बयान
रुबियो बोले- टैरिफ भारत को दंडित करने के लिए नहीं
रुबियो ने कहा, "इनमें से कोई भी टैरिफ भारत को दंडित करने या नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं है। ये एक व्यापक विदेश नीति का हिस्सा है, जिसमें दुर्भाग्यवश रूस और यूक्रेन के बीच चल रहा युद्ध शामिल है, जिसे हम समाप्त होते देखना चाहते हैं। आपने देखा होगा कि जब राष्ट्रपति ने छूटों का ऐलान किया और संसद द्वारा पारित कानून के तहत जरूरी टैरिफ शुल्क नहीं लगाए, तो उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा।"
वीजा
वीजा प्रतिबंध भी भारत को लक्षित नहीं- रुबियो
रुबियो ने वीजा प्रतिबंधों को लेकर कहा कि ये अमेरिकी आव्रजन प्रणाली में सुधार के वैश्विक प्रयास का हिस्सा हैं और भारत को लक्षित नहीं करते हैं, भले ही इनका भारतीय छात्रों और पेशेवरों पर प्रभाव पड़ता हो।
उन्होंने कहा, "आपके दृष्टिकोण से यह भारत को लक्षित प्रतीत हो सकता है, लेकिन ऐसा नहीं है। हम ऐसी आव्रजन प्रणाली की 20 वर्षों की उपेक्षा को ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं जिसे लागू ही नहीं किया जा रहा था।"