त्रिकोणीय वनडे सीरीज: पाकिस्तान ने इंग्लैंड को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की, ये बने रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
त्रिकोणीय वनडे सीरीज 2026 के दूसरे मैच में मेजबान पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड क्रिकेट टीम को 87 रन से हरा दिया। इसी के साथ उसने इस सीरीज में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इस मैच से पहले उसने श्रीलंका को 37 रन से हराया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 302/9 का स्कोर बनाया। जवाब में इंग्लैंड 38.4 ओवर में 215 रन पर ऑलआउट हो गई। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
मैच का लेखा-जोखा
इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। एक समय पाकिस्तान के 4 बल्लेबाज 81 रन पर पवेलियन में थे।
इसके बाद हसन नवाज (79) और अराफात मिन्हास (59) की शानदार पारियों के दम पर पाकिस्तान ने अच्छा स्कोर खड़ा किया।
जवाब में इंग्लैंड के लिए टॉम बैंटन ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। उन्हें छोड़कर और कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
बल्लेबाजी के बाद मिन्हास गेंदबाजी में भी छाए और 6 विकेट अपने नाम किए।
रन
नवाज ने खेली शानदार पारी
नवाज ने 74 गेंदों का सामना किया और 79 रन बनाकर जेमी ओवरटन की गेंद पर आउट हुए। उनके बल्ले से 5 चौके और 4 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 106.76 की रही।
ये उनके वनडे करियर का सिर्फ दूसरा ही अर्धशतक साबित हुआ।
उन्होंने अब तक 6 वनडे मैच खेले हैं और इसकी 6 पारियों में 57.25 की उम्दा औसत के साथ 229 रन बनाने में सफल रहे हैं।
79 रन नवाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी है।
ऑलराउंडर
मिन्हास बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में छाए
मिन्हास ने बल्लेबाजी करते हुए 58 गेंदों का सामना किया और 59 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे और उनकी स्ट्राइक रेट 101.72 की रही।
उन्होंने नवाज के साथ मिलकर सिर्फ 49 गेंदों में 72 रन की साझेदारी की।
इसके बाद गेंदबाजी में भी मिन्हास ने कमाल कर दिया। उन्होंने 8.4 ओवर में 40 रन देकर 6 विकेट झटके। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 4.60 की रही।
करियर
मिन्हास के वनडे करियर पर एक नजर
मिन्हास ने अब तक 5 वनडे मुकाबले खेले हैं और इसकी 5 पारियों में 34.25 की औसत से 137 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से यह पहला ही अर्धशतक निकला है। गेंदबाजी में उन्होंने 5 पारियों में 14 की शानदार औसत के साथ 13 विकेट लिए हैं।
उन्होंने 2 बार 5 विकेट हॉल अपने नाम किया है। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन इसी मैच में आया।
मिन्हास ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम के खिलाफ 5/32 के आंकड़े दर्ज कर चुके हैं।