भारत को 'नरक' बताने वाले ट्रंप के बयान पर अमेरिकी दूतावास ने दी सफाई
क्या है खबर?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत और चीन को लेकर दिए गए विवादित बयान पर अब सफाई पेश की है। दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास ने कहा है कि ट्रंप भारत को 'एक महान देश' मानते हैं, जिसका नेतृत्व उनके एक बहुत अच्छे मित्र कर रहे हैं। इससे ठीक पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार ने ट्रंप के बयान से जुड़ी कुछ रिपोर्टें देखी हैं।
दूतावास
अमेरिकी दूतावास ने क्या कहा?
दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता क्रिस्टोफर एल्म्स ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत के बारे में बहुत गर्मजोशी से बात की और उन्होंने भारत को एक महान राष्ट्र बताया और यह भी कहा कि भारत के नेता के साथ उनकी निजी दोस्ती है। प्रवक्ता के मुताबिक, ट्रंप ने कहा, "भारत एक महान देश है, जिसके शीर्ष पर मेरा एक बहुत अच्छा दोस्त है।" इससे पहले ईरान ने ट्रंप के बयान को नस्लवादी बताया था।
विवाद
क्या है भारत को 'नरक' बताने से जुड़ा विवाद?
ट्रंप ने रूढ़िवादी टिप्पणीकार माइकल सैवेज के एक वीडियो क्लिप और एक पत्र को साझा किया है। इसमें उन्होंने अमेरिकी आव्रजन कानूनों और जन्मजात नागरिकता का जिक्र किया है। पत्र में कहा गया है कि अप्रवासी गर्भावस्था के अंतिम समय में अमेरिका में आकर व्यवस्था का दुरुपयोग करते हैं और यहां पैदा हुआ बच्चा तुरंत अमेरिकी नागरिक बन जाता है और फिर वे पूरे परिवार को चीन या भारत या किसी दूसरे 'नरक' जैसे देश से ले आते हैं।