Page Loader
अहमदाबाद विमान हादसे के 2 हफ्ते बाद भी नहीं हुई मुख्य जांचकर्ता की नियुक्ति- रिपोर्ट
अहमदाबाद विमान हादसे के 2 हफ्ते बाद भी मुख्य जांचकर्ता की नियुक्ति नहीं हुई है

अहमदाबाद विमान हादसे के 2 हफ्ते बाद भी नहीं हुई मुख्य जांचकर्ता की नियुक्ति- रिपोर्ट

लेखन आबिद खान
Jun 26, 2025
06:20 pm

क्या है खबर?

अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे को 2 हफ्ते हो गए हैं। इतना समय बीत जाने के बावजूद भारत के विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने अभी तक मुख्य जांचकर्ता की नियुक्ति नहीं की है। इकोनॉमिक टाइम्स ने ये जानकारी दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मुख्य जांचकर्ता की नियुक्ति में देरी के चलते जांच की धीमी गति और दक्षता को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

रिपोर्ट

ध्रुव रेब्बाप्रगदा जांच प्रमुख नियुक्ति, लेकिन आदेश जारी नहीं

रिपोर्ट में कहा गया है कि एयरबस में दक्षिण एशिया के पूर्व क्षेत्रीय सुरक्षा निदेशक ध्रुव रेब्बाप्रगदा को जांच समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया है, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है। इसी वजह से रेब्बाप्रगदा घटना की औपचारिक जांच शुरू नहीं कर पाए हैं। एयरबस से पहले रेब्बाप्रगदा इंडिगो में उड़ान सुरक्षा के प्रमुख थे। उन्होंने AAIB के लिए कई जांचों का नेतृत्व भी किया है।

नियम

क्या कहते हैं नियम?

अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) के अनुलग्नक 13 के अनुसार, विमान दुर्घटना की जांच के संगठन, नियंत्रण और संचालन के लिए एक जांचकर्ता प्रभारी की नियुक्ति जरूरी है। नियम कहते हैं कि घटना के 30 दिनों के भीतर एक प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जानी चाहिए और विमान दुर्घटना के प्रभारी जांचकर्ता ही जांच के संगठन, संचालन और नियंत्रण के लिए जिम्मेदार होंगे। हालांकि, 30 दिन के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट वाला नियम बाध्यकारी नहीं है।

विशेषज्ञ

आधिकारिक आदेश से नियुक्ति जरूरी- विशेषज्ञ

इकोनॉमिक टाइम्स से बात करते हुए सेफ्टी मैटर्स फाउंडेशन के संस्थापक अमित सिंह ने कहा, "जांच समिति की घोषणा AAIB के महानिदेशक द्वारा आधिकारिक आदेश के माध्यम से की जानी चाहिए। ऐसा इसलिए किया जाता है, क्योंकि तब प्रभारी के पास बजट होगा, उसे तलब करने का अधिकार दिया जाएगा, उसे ब्लैक बॉक्स सहित दुर्घटना स्थल और मलबे तक पहुंच होगी। ऐसा नहीं होने पर किसी पर भी अनुपालन करने का कोई दायित्व नहीं होगा।"

ब्लैक बॉक्स

ब्लैक बॉक्स का डेटा रिकवर हुआ

तकनीकी पहलू पर जांचकर्ताओं को एक बड़ी सफलता मिली है। जांचकर्ताओं ने विमान के ब्लैक बॉक्स के डेटा को रिकवर कर लिया है। पहले खबरें थीं कि ब्लैक बॉक्स क्षतिग्रस्त हो गया है और डेटा निकालने के लिए उसे अमेरिका भेजा जाएगा। अब सरकार ने कहा कि डेटा डाउनलोड हो गया है और मेमोरी मॉड्यूल का एक्सेस भी मिल गया है। अब डेटा का विश्लेषण कर हादसे की कारणों का पता लगाया जाएगा।

हादसा

हादसे में मारे गए हैं 275 लोग 

12 जून को लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ सेकेंड बाद बीजे मेडिकल कॉलेज से टकरा गया था। हादसे में विमान में सवार पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी समेत 241 यात्री, 10 चालक दल के सदस्य और 2 पायलट की मौत हो गई थी। केवल एक यात्री जीवित बचा था। वहीं, जमीन पर करीब 20 लोग मारे गए थे। DNA जांच के बाद 250 से अधिक शव परिजनों को सौंपे गए हैं।