ईद से पहले सरकारें सतर्क, खरगोन में कर्फ्यू तो मेरठ में जागरण की अनुमति नहीं
क्या है खबर?
ईद के त्योहार से पहले उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र की सरकारों और प्रशासनों ने कई ऐहतियाती कदमों का ऐलान किया है। देश में चांद दिखने पर 2 या 3 मई को ईद मनाई जाएगी।
बता दें कि पिछले कुछ दिनों में त्योहारों के मौके पर कई इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं हुई हैं। इसे देखते हुए सरकारें पहले ही मुस्तैद हो गई हैं और कई प्रतिबंधों का ऐलान किया है।
मध्य प्रदेश
खरगोन में कर्फ्यू से ढील नहीं
मध्य प्रदेश के खरगोन में रामनवमी के दिन सांप्रदायिक हिंसा हुई थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने ऐलान किया है कि यहां 2 और 3 मई को भी कर्फ्यू रहेगा। लोगों से घरों में ही त्योहार मनाने की अपील की गई है।
प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक कर्फ्यू से ढील दी जाएगी, तब जाकर लोग त्योहारों के लिए सामान खरीद सकते हैं।
झारखंड
बोकारो में ईद से पहले प्रशासन की बैठक
झारखंड के बोकारो में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की थी। इसमें अधिकारियों को ईद से पहले हर ब्लॉक में शांति समिति की बैठक कर लोगों से शांतिपूर्वक तरीके से त्योहार मनाने की अपील करने को कहा गया है।
साथ ही पुलिस से उन स्थानों पर विशेष नजर रखने और पेट्रोलिंग बढ़ाने को कहा गया है कि जहां पहले कोई अप्रिय घटना घट चुकी हो।
झारखंड
सोशल मीडिया के सावधानी से इस्तेमाल की अपील
जमशेदपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वो ऐसे किसी भी मैसेज या पोस्ट को सोशल मीडिया पर शेयर न करें, जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा होगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने की भी अपील की है।
इसके अलावा ईद को देखते हुए एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जहां अधिकारी या आम लोग किसी भी अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत दे सकेंगे।
उत्तर प्रदेश
मेरठ में जागरण की अनुमति नहीं
मेरठ प्रशासन ने एक हिंदू संगठन को ईद के मौके पर हाशिमपुरा के एक मुस्लिम बहुल इलाके में जागरण की अनुमति देने से इनकार कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने बताया कि राज्य में साफ निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी नए आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसी किसी भी गतिविधि की मंजूरी नहीं दी जाएगी, जिससे सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा रहता हो।
इसे लेकर स्थानीय भाजपा नेताओं की पुलिस से बहस भी हुई थी।
जानकारी
पुणे में DJ न बजाने का फैसला
राज्य में लाउडस्पीकर पर चल रहे विवाद को देखते हुए महाराष्ट्र के पुणे की पांच मस्जिदों ने युवाओं से अपील की है कि वो DJ पर संगीत न चलाए। इसकी बजाय इस पैसे को जरूरतमंदों को दान देने की अपील की गई है।
जानकारी
उत्तर प्रदेश में उतारे गए 54,000 लाउडस्पीकर
उत्तर प्रदेश में धार्मिक स्थलों से 54,000 लाउडस्पीकर उतार लिए गए हैं और 60,000 से अधिक की आवाज का स्तर कम कराया गया है। इसी के साथ 30 अप्रैल को इस अभियान का समापन हो गया। इस अभियान को लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस आज अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंप सकती है।
प्रशासन के अलावा कई धर्म गुरुओं ने भी लोगों से आगे आकर खुद लाउडस्पीकर उतारने की मांग की थी।