
श्रद्धा वॉल्कर के पिता बोले- अगर महाराष्ट्र पुलिस ने मदद की होती तो बेटी जिंदा होती
क्या है खबर?
दिल्ली के बहुचर्चित श्रद्धा हत्याकांड की पीड़िता श्रद्धा वॉल्कर के पिता विकास वॉल्कर ने शुक्रवार को मुंबई में मीडिया को संबोधित किया।
उन्होंने आरोपी और श्रद्धा के लिव-इन पार्टनर रहे आफताब अमीन पूनावाला को फांसी दिए जाने की मांग की।
इसके अलावा उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वसई पुलिस की वजह से उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा और यदि पुलिस ने उनकी मदद की होती तो आज उनकी बेटी जिंदा होती।
बयान
2021 में आखिरी बार हुई थी श्रद्धा से बात- पिता
विकास वॉल्कर ने कहा कि वह पिछले साल से अपनी बेटी से बात करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उन्हें कभी नहीं बताया गया कि उनकी बेटी के साथ क्या हो रहा है।
उन्होंने बताया कि उनकी श्रद्धा से आखिरी बार 2021 में बात हुई थी, तब वह बेंगलुरु में रह रही थीं।
उन्होंने कहा कि 26 सितंबर को श्रद्धा के बारे में पूछने पर आफताब ने कोई जवाब नहीं दिया।
दावा
"श्रद्धा के साथ हो रही घरेलू हिंसा से अनजान था"
विकास ने कहा कि वह अपनी बेटी श्रद्धा और आफताब के रिश्ते के खिलाफ थे और उन्हें श्रद्धा के साथ हो रही घरेलू हिंसा के बारे में पता नहीं था।
हालांकि, उन्होंने यह आशंका जताई कि आफताब के परिजनों को पता होगा कि श्रद्धा के साथ क्या हो रहा है।
इसी शक के आधार पर उन्होंने आफताब के परिवार, रिश्तेदारों और अन्य लोगों की जांच की मांग भी की है।
बयान
जो मेरी बेटी के साथ हुआ, वो किसी के साथ नहीं हो- पिता
विकास ने कहा कि डेटिंग ऐप्स के कारण श्रद्धा आफताब के संपर्क में आई थी और आफताब ने ही श्रद्धा को घर छोड़ने के लिए बहकाया।
उन्होंने आगे कहा, "18 साल से ज्यादा आयु के बच्चों को कुछ हद तक नियंत्रित किया जाना चाहिए। जो मेरी बेटी के साथ हुआ, वो किसी और के साथ नहीं होना चाहिए।"
उन्होंने कहा कि जिस बेरहमी के साथ उनकी बेटी की हत्या की गई, उसी तरह की सजा आफताब को भी मिलनी चाहिए।
जानकारी
पिता बोले- दिल्ली पुलिस ने दिया न्याय दिलाने का भरोसा
विकास ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि उन्हें न्याय मिलेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी उन्हें यह आश्वासन दिया है। उन्होंने दिल्ली पुलिस और मुंबई पुलिस की जांच पर संतुष्टि भी जाहिर की।
हिरासत
14 दिन बढ़ाई गई आफताब की न्यायिक हिरासत
आरोपी आफताब की शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली की साकेत कोर्ट में पेशी हुई जिसके बाद उसकी न्यायिक हिरासत को 14 दिन और बढ़ा दिया गया।
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने 12 नवंबर को आफताब को गिरफ्तार किया था और तब से उसे पुलिस और न्यायिक हिरासत में रखा गया है।
इस अवधि के दौरान आफताब का पॉलीग्राफ टेस्ट और नार्को टेस्ट भी किया जा चुका है।
पृष्ठभूमि
क्या है श्रद्धा हत्याकांड?
दिल्ली के श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है।
जांच में सामने आया है कि आफताब ने शादी का दबाव बनाने पर मई में श्रद्धा की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके शव के 35 टुकड़े कर फ्रीज में रख दिए।
इन टुकड़ों को उसने 18 दिन तक अंधेरे में अलग-अलग जगहों पर महरौली के जंगलों में फेंका।
दिल्ली पुलिस महरौली के जंगलों से कई हड्डियां बरामद कर चुकी है।