Page Loader
एयर इंडिया की फ्लाइट में यात्री को बिच्छू ने काटा, एयरलाइन ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
एयर इंडिया की फ्लाइट में महिला यात्री को बिच्छू ने काट लिया, घटना पिछले महीने की है (तस्वीर- Pixabey)

एयर इंडिया की फ्लाइट में यात्री को बिच्छू ने काटा, एयरलाइन ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

लेखन आबिद खान
May 06, 2023
03:13 pm

क्या है खबर?

एयर इंडिया एक बार फिर विवादों में है। इस बार यात्रियों के बीच मारपीट या चालक दल से बदतमीजी से इतर मामला थोड़ा अलग है। दरअसल, एयर इंडिया की नागपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट में एक महिला यात्री को बिच्छू ने काट लिया है। यह घटना अप्रैल महीने की है, जिसकी जानकारी अब सामने आई है। एयरलाइन ने बयान जारी कर घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए यात्री से माफी मांगी है।

घटना

23 अप्रैल की है घटना

घटना 23 अप्रैल को नागपुर से मुंबई जा रही फ्लाइट संख्या AI630 की है। एयरलाइन ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी, जो दुर्लभ भी थी। हमारी AI630 फ्लाइट में एक यात्री को बिच्छू ने काट लिया। प्लेन लैंड करने के बाद यात्री को फौरन इलाज के लिए भेजा गया।" घटना के कुछ देर बाद ही महिला को छुट्टी देकर घर भेज दिया गया था।

बयान

एयरलाइन ने यात्री से माफी मांगी

एयरलाइन ने लैंडिंग से पहले मुंबई एयरपोर्ट को सूचना भेज एक डॉक्टर के साथ तैयार रहने को कहा। घटना के बाद एयरलाइन ने यात्री से माफी मांगी है। एयरलाइन ने कहा, "हमारे अधिकारी यात्री के साथ अस्पताल गए और छुट्टी तक हर संभव सहायता की पेशकश की। हमारी टीम ने प्रोटोकॉल का पालन किया और विमान का निरीक्षण किया। कीड़े मारने वाली गैस छोड़कर बिच्छू को बाहर निकाला गया। यात्री को हुई परेशानी और असुविधा के लिए हमें खेद है।"

सांप

फ्लाइट में पिछले साल मिला था सांप

विमान में इससे पहले चिड़िया और चूहे मिलने के कई मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल दुबई में एयर इंडिया की फ्लाइट में सांप निकल आया था। इसके बाद फ्लाइट में अफरा-तफरी मच गई थी। ये फ्लाइट दुबई से कलीकट जा रही थी। सांप को बाहर निकालने के प्रयासों में देरी होने के बाद फ्लाइट को रद्द कर दिया गया था। यात्रियों को पास के एक होटल में ठहराया गया था।

विवाद

एयर इंडिया से जुड़े हालिया विवाद

27 फरवरी को दुबई से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में पायलट ने अपनी महिला मित्र को कॉकपिट में बुलाया था। कथित तौर पर महिला नियमों का उल्लंघन करते हुए करीब एक घंटे तक कॉकपिट में रही थी। 10 अप्रैल दिल्ली से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में एक यात्री ने चालक दल के साथ मारपीट की थी। यात्री पर महिला कर्मचारी के बाल पकड़कर खींचने का भी आरोप लगा था।