राहुल गांधी अगले हफ्ते जाएंगे अमेरिका, कोलंबिया और शिकागो विश्वविद्यालयों में छात्रों से करेंगे बात
क्या है खबर?
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक बार फिर अमेरिका दौरे पर जाने की तैयारी में हैं। वे अगले हफ्ते अमेरिका के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कोलंबिया विश्वविद्यालय और शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों के साथ बातचीत करेंगे। भारतीय प्रवासी कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने ये जानकारी दी है। राहुल 17 नवंबर को कोलंबिया विश्वविद्यालय में चर्चा में शामिल होंगे, जो दुनिया भर में छात्र आंदोलनों के उदय पर केंद्रित होगी।
दौरा
पित्रोदा ने बताया बातचीत का एजेंडा
पित्रोदा ने कहा, "कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्र आंदोलन के वैश्विक उदय, इसके मायने, भारत में इसकी दृष्टि, लोकतंत्र पर प्रभाव, शिक्षा, रोजगार, अर्थव्यवस्था और पर्यावरण से संबंधित मुद्दों पर अनौपचारिक चर्चा होगी। दूसरा कार्यक्रम 18 नवंबर को शिकागो विश्वविद्यालय में होगा। वहां राहुल बहुत ही प्रतिष्ठित प्रोफेसर डॉक्टर रॉबर्ट पेप के साथ चर्चा करेंगे। मध्य-पूर्व, ईरान युद्ध और ऐसे विषयों पर उनका एक अनूठा दृष्टिकोण है। इसलिए दूसरी बातचीत भू-राजनीति और वैश्विक मामलों पर अधिक केंद्रित होगी।"
विवाद
राहुल के अमेरिका दौरों पर होता रहा है विवाद
राहुल इससे पहले जब भी अमेरिका की यात्रा पर गए, वहां उन्होंने नरेंद्र मोदी की नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के खिलाफ बयान देकर विवाद को जन्म दिया है।
सत्तारूढ़ भाजपा सरकार आरोप लगाती है कि राहुल विदेशी धरती पर भारत का अपमान करते हैं, जबकि कांग्रेस राहुल का बचाव करते हुए कहती है कि वह सच बोल रहे हैं।
हालिया सालों में राहुल के कई अमेरिकी दौरों को लेकर विवाद हुआ है।