Page Loader
ओडिशा: स्वतंत्रता दिवस पर महिला कर्मचारियों के लिए ऐलान, 1 दिन का मासिक धर्म अवकाश मिलेगा
ओडिशा में महिला कर्मचारियों को 1 दिन का मासिक धर्म अवकाश मिलेगा (तस्वीर: पिक्सल)

ओडिशा: स्वतंत्रता दिवस पर महिला कर्मचारियों के लिए ऐलान, 1 दिन का मासिक धर्म अवकाश मिलेगा

लेखन गजेंद्र
Aug 15, 2024
02:40 pm

क्या है खबर?

ओडिशा में स्वतंत्रता दिवस के दिन राज्य सरकार ने सभी सरकारी और निजी क्षेत्र में काम करने वाली महिला कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। इंडिया टुडे के मुताबिक, ओडिशा सरकार ने 1 दिन की मासिक धर्म छुट्टी की नीति शुरू की है। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने कटक में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में कही। उन्होंने कहा कि तत्काल प्रभाव से लागू नीति के तहत महिलाओं को मासिक धर्म के पहले या दूसरे दिन छुट्टी मिलेगी।

मासिक धर्म

महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना उद्देश्य

ओडिशा में इस नीति को लागू करने का उद्देश्य महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाना बताया जा रहा है। बता दें कि भारत में महिलाओं के लिए मासिक धर्म की छुट्टी को लेकर छिड़ी बहस के बीच ओडिशा सरकार का फैसला एक मील का पत्थर माना जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने भी पिछले दिनों एक फैसला सुनाते हुए इस मामले में न्यायिक हस्तक्षेप की जगह केंद्र सरकार से आदर्श नीति बनाने का आग्रह किया था।

अवकाश

भारत में किन-किन राज्यों में मासिक धर्म अवकाश की सुविधा?

भारत में केवल बिहार और केरल ऐसे राज्य हैं, जहां वर्तमान में मासिक धर्म अवकाश नीति लागू है। बिहार में 1992 से महिलाओं को हर महीने 2 दिन का सवेतन मासिक धर्म अवकाश मिलता है। केरल में 2023 से सभी कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में छात्राओं को मासिक धर्म अवकाश मिलना शुरू हुआ है। जोमैटो जैसी निजी कंपनी ने भी 2020 से साल में 10 दिन का सवेतन मासिक धर्म अवकाश शुरू किया है। हालांकि, अभी कोई राष्ट्रीय कानून नहीं है।