LOADING...
दिल्ली-गोवा अकासा एयर की उड़ान में यात्री ने शौचालय में बैठकर पी बीड़ी, मामला दर्ज
दिल्ली से गोवा जा रही अकासा एयर की उड़ान में यात्री ने बीड़ी पी

दिल्ली-गोवा अकासा एयर की उड़ान में यात्री ने शौचालय में बैठकर पी बीड़ी, मामला दर्ज

लेखन गजेंद्र
Mar 09, 2026
11:02 am

क्या है खबर?

दिल्ली से गोवा जा रही अकासा एयर की उड़ान में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक यात्री शौचालय में छिपकर बीड़ी पीते पकड़ा गया, जिसके बाद उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना शनिवार 7 मार्च की बताई जा रही है। आरोपी युवक दिल्ली का निवासी आशीष दास है, जो अकासा एयर की उड़ान QP-1625 से गोवा जा रहा था। गोवा के मोपा हवाई अड्डा पहुंचते ही आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घटना

सुरक्षा जांच से बचकर लाइटर ले जाने में कामयाब हुआ यात्री

आरोपी यात्री दास सुरक्षा जांच से बचकर लाइटर और बीड़ी को विमान के अंदर ले जाने में कामयाब हो गया। वह सीट नंबर 11E पर बैठा था। विमान के उड़ने के बाद वह विमान के शौचालय में गया और वहां बैठकर धूम्रपान करने लगा। चालक दल के सदस्यों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने उसे बाहर निकाला। जांच में उसके पास से प्रतिबंधित लाइटर बरामद हुआ और सूचना तुरंत गोवा हवाई अड्डे की पुलिस को दी गई।

जांच

आरोपी यात्री के खिलाफ मामला दर्ज

मोपा हवाई अड्डे की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत जान या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के आरोप में FIR दर्ज की है। साथ ही, नागरिक उड्डयन सुरक्षा के खिलाफ गैरकानूनी कृत्यों के दमन अधिनियम, 1982 की धारा 3(1)(C) के तहत भी मामला दर्ज किया है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने विमान में बैठे लोगों के जीवन को खतरे में डाला है। उसे BNS की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी हुआ है।

Advertisement