डॉलर के मुकाबले सर्वकालिक निचले स्तर पर पहुंचा भारतीय रुपया, जानिए क्या है कारण
क्या है खबर?
भारतीय रुपया पहली बार सोमवार (9 मार्च) को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले सर्वकालिक निचले स्तर 92.31 पर आ गया। बाजार खुलने पर रुपया 47 पैसे गिर गया, जो रिकॉर्ड निचले स्तर से थोड़ा ही नीचे था। पिछले सत्र में रुपया, डॉलर के मुकाबले 91.74 के स्तर पर बंद हुआ था। अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक जोखिम-मुक्त माहौल ने उभरते बाजारों की मुद्राओं पर दबाव डाला है।
गिरावट
रुपये में कितनी आई गिरावट?
भारतीय मुद्रा 92.20 रुपये प्रति डॉलर पर खुली, जबकि पिछले सत्र में यह 91.74 थी। शुरुआती कारोबार में इसमें और गिरावट आई और यह पिछले सप्ताह के अपने सबसे निचले स्तर 92.30 को पार कर गई। शुक्रवार (6 मार्च) के बंद भाव से 50 पैसे से अधिक की गिरावट आई, जो एक दिन में सबसे अधिक है। ट्रेडर्स का कहना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने डॉलर बेचे, जिससे रुपये को 92.30 से 92.20 तक थोड़ी मजबूती मिली है।
कारण
इस कारण आ रही मुद्रा में गिरावट
अमेरिका-ईरान का संघर्ष अब दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुका है और इसके समाप्त होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं। अब तेल डिपो को भी निशाना बनाया जा रहा है। बढ़ते संघर्ष ने वैश्विक व्यवसायों को हिलाकर रख दिया है और तेल की कीमतें हर दिन बढ़ रही हैं, जिससे संकट की आशंका पैदा हो गई है। ब्रेंट क्रूड की कीमत महीने की शुरुआत से 25 प्रतिशत से अधिक बढ़ गई, जिससे भारतीय मुद्रा पर दबाव बढ़ा है।