LOADING...
TMC-भाजपा के हंगामे के बाद कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा बढ़ाई गई, धारा 163 लागू
कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा बढ़ाई गई है

TMC-भाजपा के हंगामे के बाद कोलकाता में स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा बढ़ाई गई, धारा 163 लागू

लेखन आबिद खान
May 01, 2026
06:07 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले कोलकाता में वोटों की कथित हेराफेरी को लेकर बीती रात खूब हंगामा हुआ। इसके बाद कोलकाता पुलिस ने उन 7 क्षेत्रों में लोगों के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगा दी है, जहां वोटों की गिनती होनी है। शहीद खुदीराम बोस रोड, जज कोर्ट रोड, जादवपुर, डायमंड हार्बर रोड, लॉर्ड सिन्हा हॉल, नरेश मित्र सारणी और प्रमथेश बरुआ सारणी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लगा दी है।

सुरक्षा

स्ट्रॉन्ग रूम के आसपास सुरक्षा भी बढ़ाई गई

कोलकाता के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) रूपेश कुमार ने पत्रकारों से कहा, "एक अतिरिक्त आयुक्त और एक पुलिस उपायुक्त की देखरेख में अतिरिक्त CAPF और सशस्त्र पुलिस बलों को भी तैनात किया गया है।" तृणमूल कांग्रेस (TMC) द्वारा संदिग्ध गतिविधियों के आरोपों को लेकर 2 मतगणना केंद्रों पर हुए हंगामे के बाद यह कदम उठाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम के साथ 4 मई को जहां मतगणना होगी, उन केंद्रों की भी सुरक्षा बढ़ाई गई है।

चुनाव आयोग

चुनाव आयोग ने TMC के आरोप खारिज किए

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) मनोज कुमार अग्रवाल ने संदिग्ध गतिविधियों से जुड़े TMC के आरोपों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, "मतदान बाद सभी स्ट्रॉन्ग रूम संबंधित उम्मीदवारों/चुनाव एजेंटों और पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में विधिवत सील कर दिए गए थे। आखिरी स्ट्रांग रूम गुरुवार सुबह 5.15 बजे बंद किया गया। खुदीराम अनुशीलन केंद्र में डाक मतपत्रों के लिए एक और स्ट्रॉन्ग रूम है। डाक मतपत्रों को वहां रखा गया है। मतदान अधिकारी उनकी छंटाई कर रहे हैं।"

Advertisement

ममता बनर्जी

4 घंटे स्ट्रॉन्ग रूम में रहीं ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल रात सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित EVM स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचीं और करीब 4 घंटे अंदर रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग ने मिलकर EVM में छेड़छाड़ की है। उन्होंने आगे चेतावनी दी कि EVM में किसी भी तरह की अनियमितता, जैसे कि मतदान मशीनों या मतगणना प्रक्रिया में छेड़छाड़ का सामना 'जान की बाजी लगाकर' किया जाएगा। खुदीराम अनुशीलन केंद्र के बाहर भी TMC और भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प हुई।

Advertisement

हंगामा

एक वीडियो से शुरू हुआ हंगामा

इस पूरे विवाद की शुरुआत TMC द्वारा जारी किए गए एक वीडियो से हुई थी। TMC का दावा है कि इस वीडियो में चुनाव आयोग के अधिकारी भाजपा के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बैलेट बॉक्स खोलने की कोशिश कर रहे हैं। TMC का कहना है कि ये वीडियो कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम के पास खुदीराम अनुशीलन केंद्र में बने EVM स्ट्रॉन्ग रूम का है। TMC ने इसे दिनदहाड़े लोकतंत्र की हत्या बताया।

भाजपा

जिस स्ट्रॉन्ग रूम में गई थीं ममता, वहां जाएंगे सुवेंदु

पश्चिम बंगाल में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भवानीपुर स्थित स्ट्रांग रूम में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि ममता पर किसी भी प्रकार की अनियमित गतिविधि को रोकने के लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। सुवेंदु भी आज कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल स्थित EVM स्ट्रॉन्ग रूम में जाने की योजना बना रहे हैं, जहां कल ममता करीब 4 घंटे रही थीं।

Advertisement