Page Loader
कोलकाता गैंगरेप मामला: कॉलेज का गार्ड भी गिरफ्तार, अब तक पकड़े गए 4 आरोपी कौन-कौन हैं?
कोलकाता कॉलेज गैंगरेप मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं

कोलकाता गैंगरेप मामला: कॉलेज का गार्ड भी गिरफ्तार, अब तक पकड़े गए 4 आरोपी कौन-कौन हैं?

लेखन आबिद खान
Jun 28, 2025
12:57 pm

क्या है खबर?

कोलकाता के साउथ कलकत्ता विधि कॉलेज में छात्रा के साथ गैंगरेप के मामले में पुलिस ने सुरक्षा गार्ड को भी गिरफ्तार किया है। ये इस मामले में चौथी गिरफ्तारी है। इससे पहले पुलिस ने एक पूर्व छात्र और 2 वर्तमान छात्रों को भी गिरफ्तार किया है, जिनमें से एक ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया और बाकी 2 ने वारदात का वीडियो बनाया। आइए जानते हैं अब तक किन-किन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

मुख्य आरोपी

मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा

31 वर्षीय मनोजीत इस मामले का मुख्य आरोपी है। वो कॉलेज का पूर्व छात्र है और फिलहाल वकालत करता है। कहा जाता है कि मनोजीत छात्र राजनीति में सक्रिय है और उसके तृणमूल कांग्रेस (TMC) से भी संबंध निकलकर आए हैं। पढ़ाई पूरी होने के बावजूद मनोजीत कॉलेज कैंपस में आता-जाता रहता था। एक रिपोर्ट में कहा गया है कि वो कॉलेज का अस्थायी कर्मचारी भी है। उसी ने पीड़िता के साथ बलात्कार किया है।

आरोप

पहले भी कई अपराधों में सामने आया है मनोजीत का नाम

मनोजीत पहले कॉलेज की TMCP यूनिट का अध्यक्ष रह चुका है। मनोजीत अक्सर छात्रों और नेताओं के बीच मध्यस्थ की भूमिका निभाता था। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष TMC विधायक अशोक देब हैं। उन्होंने मनोजीत को क्लेरिकल स्टाफ के रूप में नियुक्त कर दिया था। मनोजीत पर पहले भी कॉलेज के पुराने कैंपस में कैमरे तोड़ने और प्रतिद्वंदी छात्र को अगवा करने जैसे गंभीर आरोप लग चुके हैं। उसे 2 बार निष्कासित भी किया गया था।

दूसरा आरोपी

प्रमित मुखर्जी: द्वितीय वर्ष का छात्र 

मामले में पुलिस ने 20 वर्षीय प्रमित मुखर्जी को भी गिरफ्तार किया है। प्रमित इसी कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र है। बताया जाता है कि प्रमित राजनीतिक रूप से सक्रिय नहीं है, लेकिन उसके कुछ संगठनों ने करीबी बताई जाती है। इंडिया टुडे से बात करते हुए प्रमित के दोस्तों ने बताया कि वो संकोची और पढ़ाई में औसत छात्र है। उसका कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है।

तीसरा आरोपी

तीसरे आरोपी जैब ने इसी साल लिया था कॉलेज में दाखिला

मामले में जैब अहमद नामक एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। जैब प्रथम वर्ष का छात्र है और हाल ही में उसने दाखिला लिया था। जैब कॉलेज यूनियन की गतिविधियों में शामिल होने लगा था और यहीं उसका परिचय मनोजीत से हुआ था। हाल ही के दिनों में दोनों अक्सर कॉलेज कैंपस में साथ घूमते देखे गए थे। जैब और प्रमित पर पीड़िता के वीडियो बनाने और अपराध में मनोजीत का साथ देने के आरोप हैं।

आरोपी

55 वर्षीय सुरक्षा गार्ड भी गिरफ्तार

पुलिस ने 55 वर्षीय गार्ड पिनाकी बनर्जी को भी गिरफ्तार किया है। घटना के वक्त मनोजीत के साथियों ने गार्ड को धमकाकर बाहर भगा दिया था। आरोप है कि गार्ड ने घटना की जानकारी किसी को नहीं दी। वहीं, पहले गिरफ्तार किए गए 3 आरोपियों को 27 जून को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों को 10 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति भी गरमा गई है।