
कोलकाता गैंगरेप मामला: पीड़िता को हॉकी स्टिक से मारा, शरीर पर काटने और खरोंच के निशान
क्या है खबर?
कोलकाता के साउथ कलकत्ता विधि कॉलेज में छात्रा के साथ गैंगरेप मामले में भयावहता के कई सबूत सामने आए हैं। पीड़िता की मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। पीड़िता के शरीर पर चोट के कई निशान भी मिले हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने, शरीर पर काटने और नाखून से खरोंचने के निशान मिले हैं। आइए जानते हैं मेडिकल जांच में क्या-क्या सामने आया।
रिपोर्ट
पीड़िता के शरीर पर काटने, नोंचने के कई निशान
कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मेडिकल जांच में गैंगरेप की पुष्टि हुई है। अधिकारी ने समाचार एजेंसी PTI से कहा, "साक्ष्यों ने कस्बा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई गई पीड़िता की शिकायत की पुष्टि की है। उसके शरीर पर जबरदस्ती करने, काटने के निशान और नाखून से खरोंचने के सबूत हैं। उसके गले पर और उसके आसपास मारपीट के निशान भी थे।" वहीं, पीड़िता ने कहा कि उसके सिर पर हॉकी स्टिक से प्रहार किया गया।
बयान
पीड़िता बोली- पैर पकड़े तो भी जाने नहीं दिया
पीड़िता ने पुलिस को शिकायत में कहा, "शाम 7.30 बजे तीनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और छात्र संघ कार्यालय के बगल में सुरक्षा गार्ड के कमरे में ले गए। आरोपियों ने कॉलेज का मुख्य दरवाजा बंद कर दिया और गार्ड को बाहर कर दिया। मैंने विरोध किया, रोई, मैंने उसके पैर भी छुए, लेकिन उसने मुझे जाने नहीं दिया। उसने मेरे साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। मैं उसे पीछे धकेलती रही। मैंने उससे कहा कि मुझे जाने दे।"
बलात्कार
साढ़े 3 घंटे तक बलात्कार किया- पीड़िता
पीड़िता ने कहा कि आरोपियों ने शाम 7.30 से रात 10.50 बजे तक उसके साथ बलात्कार किया। NDTV के मुताबिक, इस दौरान पीड़िता को घबराहट का दौरा भी पड़ा और वो ठीक से सांस नहीं ले पा रही थी। पीड़िता ने कहा, "मैंने उनसे पास के अस्पताल में ले जाने का अनुरोध किया, लेकिन उन्होंने अनसुना कर दिया। मुझे कमरे में ही बंद रखा। मैंने कई बार इनहेलर मांगा, तो एक आरोपी ने लाकर दिया।"
आरोपी
अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मनोजीत मिश्रा, उसके साथ प्रमित मुखर्जी और जैब अहमद और कॉलेज के सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लिया है। मनोजीत पर पीड़िता के साथ बलात्कार करने और उसके साथियों पर घटना का वीडियो बनाने का आरोप है। पीड़िता ने कहा कि आरोपियों ने उसे धमकाया था कि घटना के बारे में किसी को बताया तो वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर देंगे। मुख्य आरोपी मनोजीत के तृणमूल कांग्रेस (TMC) से संबंध भी सामने आए हैं।
राजनीति
मामले को लेकर राजनीति भी गरमाई
मुख्य आरोपी के TMC से संबंधों को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरा है। भाजपा ने आरोपी के कई TMC नेताओं के साथ फोटो भी जारी किए हैं। वहीं, TMC ने मामले से खुद को अलग कर लिया है। TMC के अध्यक्ष त्रिनंकुर भट्टाचार्य ने दावा किया कि मनोजीत कभी संगठन अध्यक्ष नहीं था। उन्होंने दोषी पाए जाने पर आरोपियों को सख्त सजा दिए जाने की भी मांग की है।