कोलकाता मामला: मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे डॉक्टर, क्या खत्म होगा 34 दिनों से जारी प्रदर्शन?
क्या है खबर?
कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डॉक्टर की हत्या और बलात्कार के मुद्दे पर बीते 34 दिन से जूनियर डॉक्टर प्रदर्शन कर रहे हैं।
अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर डॉक्टर आज फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने कालीघाट स्थित उनके आवास पहुंचे हैं। 32 डॉक्टरों के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री ममता की बैठक जारी है।
बैठक में मुख्य सचिव मनोज पंत और स्वास्थ्य राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य भी मौजूद हैं।
मुलाकात
धरनास्थल पर गई थीं मुख्यमंत्री
आज (14 सितंबर) को मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से मुलाकात की थी।
उन्होंने कहा था, "अगर आप काम पर लौट आएं तो मैं वादा करती हूं कि आपकी सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करूंगी। सबके साथ बातचीत होगी और दोषियों को सजा मिलेगी।"
उन्होंने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से दोषियों को फांसी की सजा देने की भी मांग की थी।
ममता ने कहा था कि वे मुख्यमंत्री के तौर पर नहीं, दीदी के तौर पर मिलने आई हैं।
जानकारी
क्या बोलीं पीड़िता की मां?
पीड़िता की मां ने कहा, "हम चाहते हैं कि मुख्यमंत्री डॉक्टरों की मांगों को स्वीकार करें और समाधान निकालें। मैं जानती हूं कि प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सभी दोषी हैं। डॉक्टर बहुत पीड़ित हैं। हम उनसे बात कर मांगों को मानकर जल्द समाधान चाहते हैं।"
इस्तीफा
मुख्यमंत्री ने की थी इस्तीफे की पेशकश
डॉक्टरों के प्रदर्शन का कोई समाधान नहीं निकलने के बीच मुख्यमंत्री ममता ने इस्तीफा देने की पेशकश कर दी थी।
उन्होंने कहा था, "मैंने डॉक्टरों से बात करने की पूरी कोशिश की। 3 दिनों तक उनसे मिलने का इंतजार किया, पर वे नहीं आए। मैं इस्तीफा देने को भी तैयार हूं। मैं लोगों की खातिर इस्तीफा देने को तैयार हूं। मुझे मुख्यमंत्री पद नहीं चाहिए। मैं चाहती हूं कि दोषियों के खिलाफ मुकदमा चलाया जाए। न्याय किया जाना चाहिए।"
मांगें
ये हैं डॉक्टरों की 5 सूत्रीय मांगें
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों की 5 सूत्रीय मांगों में बलात्कार, हत्या और सबूतों से छेड़छाड़ में शामिल सभी संभावित दोषियों को सजा मिले।
आरजी कर अस्पताल के पूर्व प्रधानाचार्य संदीप घोष के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो।
कोलकाता पुलिस के आयुक्त विनीत गोयल का इस्तीफा लिया जाए और उत्तर और मध्य उपायुक्त के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई हो।
स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा बढ़ाई जाए।
पश्चिम बंगाल के अस्पतालों में डॉक्टरों को धमकी देना और हमले करने की घटनाएं बंद हो।
मामला
क्या है महिला डॉक्टर की हत्या का मामला?
9 अगस्त को आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर का शव मिला था।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में डॉक्टर की हत्या से पहले रेप की पुष्टि हुई थी। उसकी आंख, मुंह, पैर, गर्दन, हाथ, कमर और निजी अंगों पर काफी चोटें थीं।
मामले में पुलिस ने अस्पताल में आने-जाने वाले एक नागरिक स्वयंसेवक संजय रॉय को गिरफ्तार किया है और उसका पॉलीग्राफ टेस्ट भी कराया गया है।
फिलहाल CBI मामले की जांच कर रही है।