Loading...
झारखंड: छात्रों ने भूख हड़ताल खत्म की, लेकिन CBI जांच पर अड़े
झारखंड में छात्र अभी भी CBI जांच की मांग को लेकर अड़े हैं

झारखंड: छात्रों ने भूख हड़ताल खत्म की, लेकिन CBI जांच पर अड़े

लेखन आबिद खान
Aug 18, 2026
10:13 am

क्या है खबर?

झारखंड सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा रद्द कर दी है। बीती रात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद इसका ऐलान किया है। इसके बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों ने अपना आंदोलन खत्म कर दिया है। हालांकि, अभी भी प्रदर्शनकारी छात्रों का एक गुट धरने पर बैठा हुआ है। इनकी मांग है कि जब तक मामले की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच नहीं कराई जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

मांग

CBI जांच की मांग पर अड़े छात्र

मुख्यमंत्री सोरेन ने ऐलान किया है कि 2014 से अब तक हुई परीक्षाओं का CID जांच कराई जाएगी। लेकिन आंदोलन कर रहे छात्रों की मांग है कि मामले की CBI जांच हो।

छात्र नेता रविंद्र पासवान ने 'ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय' के लिए मुख्यमंत्री सोरेन और राज्य सरकार को धन्यवाद दिया, लेकिन CBI जांच की मांग भी की।

उन्होंने कहा, "अगर आप CBI जांच का आदेश देते हैं, तो हम सभी छात्र आपके साथ हैं।"

भूख हड़ताल

महतो ने खत्म की 16 दिन से चल रही भूख हड़ताल

झारखंड सरकार द्वारा JSSC-CGL परीक्षा और TSR डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) द्वारा आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा के बाद छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी 16 दिन की भूख हड़ताल खत्म कर दी है।

महतो ने कहा, "आज झारखंड के लिए एक बड़ी जीत का दिन है। हालांकि मैं अपना विरोध प्रदर्शन अभी रोक रहा हूं, लेकिन अन्य सुधारों के लिए मेरा संघर्ष जारी रहेगा।"

ADVERTISEMENT

प्रदर्शन

छात्र बोले- पुलिस हटाने की तैयारी में, जल्दी पहुंचे

छात्रों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बड़ी संख्या में मुंडा स्टेडियम पहुंचने की अपील करते हुए कहा है कि पुलिस हटाने की तैयारी में है।

JPSC JSSC रिफॉर्म मंच ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'धरना स्थल पर पहुंचिए, भारी संख्या में पुलिस लगाई जा रही है। धरनास्थल को खाली कराने की योजना है। रद्द और CBI जांच का नोटिफिकेशन आने तक हटना नहीं है। शांतिपूर्ण विरोध संवैधानिक अधिकार है।'

ADVERTISEMENT

आंदोलन

24 दिन से जारी आंदोलन

झारखंड में छात्र JPSC-JSSC परीक्षा रद्द करने और CBI जांच की मांग काे लेकर बीते 24 दिन से धरने पर बैठे हैं। इनमें से कई छात्र भूख हड़ताल पर हैं।

इससे पहले छात्रों और सरकार के बीच कई दौर की वार्ता हुई, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। बीती रात मुख्यमंत्री सोरेन ने अपने मंत्रियों के साथ बैठक की, जिसमें परीक्षा को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। इसके बाद छात्रों ने जश्न मनाया था।

ADVERTISEMENT